प्रमोद यादव। प्रयागराज5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2025 के पदों का विवरण जारी कर दिया है। आयोग ने चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण से ठीक पहले भर्ती में शामिल सभी 28 तरह के कुल 814 पदों का ब्योरा दिया है। इसमें उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के 34 और पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) के 56 पद शामिल हैं।
इसके अलावा, आबकारी निरीक्षक के सबसे ज्यादा 123 पद हैं। नायब तहसीलदार के 105 पद, कोषाधिकारी/लेखाधिकारी के 92 पद और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के 85 पद भी इस भर्ती में शामिल हैं।
पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा में 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 सफल हुए हैं। ये अभ्यर्थी अब साक्षात्कार में शामिल होंगे। साक्षात्कार 28 सितंबर से 24 अक्टूबर तक चलेंगे। चयन के लिए इंटरव्यू के अंक और मुख्य परीक्षा के नंबरों को जोड़ा जाएगा।
पदों के विवरण के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर (एसडीएम) के 34, पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) के 56, आबकारी निरीक्षक के 123, नायब तहसीलदार के 105, कोषाधिकारी/लेखाधिकारी के 92 और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के 85 पद हैं। इनके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 72, सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) के 45, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के 35 और श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 37 पद भी शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक, आबकारी निरीक्षक और जिला युवा कल्याण अधिकारी जैसे कुछ पदों के लिए अभ्यर्थियों को तय शारीरिक मानकों को पूरा करना जरूरी होगा। डिप्टी एसपी पद के लिए सामान्य, ओबीसी और एससी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 165 सेमी और सीना 84 सेमी (फुलाकर 89 सेमी) होना चाहिए। महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेमी तय की गई है।
आयोग के सचिव ने बताया कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षिक योग्यता, विशेष अर्हताओं (जैसे एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट या प्रादेशिक सेना का अनुभव) और अपनी रुचि के आधार पर अधिमान्यता प्रपत्र (Preference Form) सावधानी से भरना चाहिए।


