मैहर जिले के भरौली में स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में बुधवार शाम को हादसा हो गया। कोयला खाली करने के बाद ट्रक के ऊपर त्रिपाल बांध रहा एक क्लीनर अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
हादसा बुधवार शाम करीब 7:30 बजे का बताया जा रहा है। ट्रक से कोयला खाली हो चुका था, जिसके बाद 34 साल का क्लीनर शेख समीन (निवासी छिंदवाड़ा) ट्रक के ऊपर चढ़कर रस्सा और त्रिपाल लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे आ गिरा, जिससे उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
क्लीनर के गिरते ही फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई। तुरंत घटना की जानकारी फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
कंपनी प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए फौरन एंबुलेंस बुलाई और घायल शेख समीन को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।


