Friday, October 2, 2026
Homeफूडघर पर बनाएं रोड साइड चाऊमीन का हेल्दी वर्जन, मिलेगा स्ट्रीट वाला...

घर पर बनाएं रोड साइड चाऊमीन का हेल्दी वर्जन, मिलेगा स्ट्रीट वाला स्वाद भरपूर पोषण के साथ


Last Updated:

Healthy Chowmein Recipe: लगभग सभी बच्चों को चाऊमीन बेहद पसंद आती है. पर बाजार की अनहेल्दी चाऊमीन खिलाने से बेहतर है कि आप घर पर खूब सारी रंग-बिरंगी सब्जियां और पनीर/सोयाबीन डालकर इसे तैयार करें. छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने से बिलकुल स्ट्रीट स्टाइल स्वाद मिलेगा पोषण के साथ.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. शाम के समय या बच्चों के टिफिन में अगर कुछ इंट्रेस्टिंग और टेस्टी रखना चाहते हैं क्योंकि आपका बच्चा रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो गया है तो चाऊमीन का यह हेल्दी वर्जन ट्राय कर सकते हैं. बच्चों की कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने की जिद पूरी हो जाएगी और आपका भी मन भरा रहेगा कि टेस्टी के नाम पर बच्चे को जंक नहीं खिला रहे. यह बनाने में आसान है और इसमें कई तरह की सब्जियां डालकर इसे स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. खास बात यह है कि बच्चों को चाऊमीन पसंद भी आती है और सब्जियों को इसमें आसानी से शामिल किया जा सकता है.

सबसे पहले उबालें चाऊमीन, 80 परसेंट ही कुक करें
इसे बनाने के लिए सबसे पहले चाऊमीन को उबालकर तैयार कर लें. इसके लिए एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें चाऊमीन डाल दें. चाऊमीन को ज्यादा गलाने के बजाय हल्का नरम होने तक उबालें. इसके बाद पानी निकालकर इसे ठंडे पानी से धो लें और थोड़ा सा तेल मिलाकर अलग रख दें, ताकि चाऊमीन आपस में चिपके नहीं.

अधिक से अधिक सब्जियां डालें
अब सब्जियों की तैयारी करें. इसके लिए एक प्याज, एक शिमला मिर्च, एक गाजर और थोड़ी सी बींस को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. बच्चों के लिए बना रहे हैं तो सब्जियों को बहुत छोटे टुकड़ों में काटना बेहतर रहेगा, ताकि वे आसानी से खा सकें. अगर घर में बेबी कॉर्न, मशरूम या पनीर उपलब्ध है तो उसे भी छोटे टुकड़ों में काटकर इसमें शामिल किया जा सकता है. कुल मिलाकर जितनी ज्यादा सब्जियां हों डालें.

इसको हेल्दी ट्विस्ट देने के लिए पनीर और सोयाबीन डालना एक बेहतरीन ऑप्शन है. बच्चे अगर आम तौर पर सोयाबीन या पनीर खाने में मुंह बनाते हैं तो इस तरह से आसानी से खा लेंगे. सोयाबीन को आप पहले से उबालकर, हल्का सा फ्राई करके स्टोर कर सकते हैं और चाऊमीन बनाते समय डायरेक्ट सब्जियों में डालकर फ्राई कर लें.

तेज आंच पर पकाएं सब्जियां
अब एक फ्राई पैन या कड़ाही को गैस पर रखें और उसमें थोड़ा सा तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद सबसे पहले अदरक लहसुन का पेस्ट या एकदम बारीक कटी अदरक-लहसुन डालें फिर प्याज डालें और हल्का भूनें. इसके बाद इसमें गाजर, बींस और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर कुछ मिनट तक चलाते हुए पकाएं. सब्जियों को पूरी तरह गलाने की जरूरत नहीं है. हल्का क्रंची रहने पर चाऊमीन का स्वाद और भी अच्छा लगता है. इसका एक नियम यह भी है कि सब्जियों को तेज आंच पर सॉटे करें.

अब मसालों और सॉस की बारी
अब इसमें स्वाद के अनुसार थोड़ा नमक, काली मिर्च और घर में इस्तेमाल होने वाले हल्के मसाले डालें. बच्चों के लिए बना रहे हैं तो लाल मिर्च की मात्रा कम रखें. इसके बाद उबली हुई चाऊमीन को पैन में डालकर सब्जियों के साथ अच्छी तरह मिलाएं. आप चाहें तो थोड़ा सा सोया सॉस या चाऊमीन मसाला भी डाल सकते हैं. सॉस अपने बच्चे की पसंद के हिसाब से चुनें.

अब इसे तेज आंच पर करीब 2 से 3 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं. आखिर में गैस बंद कर दें और ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया डालकर चाऊमीन को सर्व करें. अगर बच्चा पसंद करता है तो इसमें भुनी और कुटी मूंगफली भी डाल सकते हैं.

घर पर पूरी शुद्धता से करें तैयार
इस तरह घर में मौजूद साधारण सब्जियों से स्वादिष्ट और रंग-बिरंगी देसी चाऊमीन तैयार हो जाएगी. इसे शाम के नाश्ते के साथ-साथ बच्चों के टिफिन में भी दिया जा सकता है. बाहर मिलने वाली चाऊमीन के बजाय घर पर बनाकर आप इसमें अपनी पसंद की सब्जियां और मसाले सीमित मात्रा में रख सकते हैं. साथ ही घर के सामान की शुद्धता भी मिलेगी.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments