Saturday, October 10, 2026
Homeफूडनाश्ते में रोज एक जैसा खाकर हो गए बोर? मेथी-प्याज से बनाएं...

नाश्ते में रोज एक जैसा खाकर हो गए बोर? मेथी-प्याज से बनाएं कुरकुरे पराठे, जानिए रेसिपी


Last Updated:

Methi Pyaz Paratha Recipe: सुबह के नाश्ते में मेथी-प्याज का पराठा स्वादिष्ट और आसान विकल्प हो सकता है. इसे बनाने के लिए गेहूं का आटा, ताजी मेथी, प्याज और कुछ घरेलू मसालों की जरूरत होती है. आटे में थोड़ा बेसन, अजवाइन और अमचूर मिलाने से पराठे का स्वाद और टेक्सचर बेहतर बनता है. मेथी और प्याज को आटे में अच्छी तरह मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गूंधना चाहिए. पराठे को मध्यम आंच पर घी या मक्खन लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. गरमा-गरम मेथी-प्याज पराठे को दही, सफेद मक्खन या पसंदीदा चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

नाश्ते में रोज एक जैसा खाकर हो गए बोर? मेथी-प्याज से बनाएं कुरकुरे पराठेZoom

मेथी प्याज पराठा रेसिपी (इमेज AI)

Methi Pyaz Paratha Recipe: सुबह के नाश्ते में रोज पोहा, उपमा या चीला खाकर अगर स्वाद कुछ अलग खाने का मन करे तो मेथी-प्याज पराठा अच्छा विकल्प हो सकता है. ताजी हरी मेथी की खुशबू और प्याज का स्वाद इस पराठे को साधारण रोटी से बिल्कुल अलग बना देता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. घर में रखे गेहूं के आटे और कुछ मसालों से ही यह पराठा तैयार हो जाता है.

कई लोगों को मेथी का पराठा कड़वा लगने या बेलते समय टूटने की परेशानी होती है. सही तरीके से मेथी मिलाने और आटा गूंधने से यह दिक्कत काफी कम हो सकती है. तो चलिए जानते हैं कुरकुरे मेथी-प्याज पराठे की आसान रेसिपी.

मेथी-प्याज पराठे के लिए सामग्री
इस पराठे के लिए 2 कप गेहूं का आटा, करीब डेढ़ कप ताजी हरी मेथी और एक बारीक कटा हुआ मध्यम प्याज लें. इसमें 1 बड़ा चम्मच बेसन मिलाने से पराठे का स्वाद और टेक्सचर अच्छा आता है. मसालों में आधा छोटा चम्मच अजवाइन, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर और आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर लिया जा सकता है. स्वाद के लिए 2 बारीक कटी हरी मिर्च, आधा इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक और नमक डालें. आटा गूंधते समय 1 छोटा चम्मच तेल या घी मिलाएं. पराठे सेंकने के लिए देसी घी या मक्खन इस्तेमाल कर सकते हैं.

ऐसे तैयार करें मेथी-प्याज का आटा
सबसे पहले मेथी को अच्छी तरह धोकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें और बारीक काट लें. अब एक परात में गेहूं का आटा और बेसन डालें. इसमें कटी हुई मेथी, प्याज, अजवाइन, भुना जीरा पाउडर, अमचूर, हरी मिर्च और अदरक मिला दें. यहां एक छोटी सी बात ध्यान रखने वाली है. शुरुआत में पानी न डालें. मेथी और प्याज को मसालों के साथ आटे में अच्छी तरह मिलाकर हल्के हाथ से मसलें. इससे दोनों चीजों का स्वाद आटे में अच्छी तरह मिल जाता है. इसके बाद जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें. आटे को बहुत ज्यादा सख्त न रखें. गूंधने के बाद इसे करीब 5 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा थोड़ा सेट हो जाएगा और पराठा बेलना आसान रहेगा.

(इमेज AI)

पराठा बेलते समय रखें ध्यान
अब आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लें. एक लोई लेकर सूखे आटे की मदद से इसे गोल या तिकोने आकार में बेलें. बहुत पतला पराठा बेलने की जरूरत नहीं है. थोड़ा मोटा रखने पर मेथी और प्याज का स्वाद अच्छी तरह महसूस होता है. अगर आटा चिपक रहा हो तो थोड़ा सूखा आटा इस्तेमाल करें. बहुत ज्यादा सूखा आटा लगाने से पराठे का स्वाद और सतह दोनों प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए जरूरत भर ही आटा लगाएं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मध्यम आंच पर सेंकें
तवा अच्छी तरह गर्म होने के बाद उस पर बेला हुआ पराठा रखें. एक तरफ हल्के निशान आने लगें तो इसे पलट दें. अब दूसरी तरफ भी थोड़ा सिकने दें. इसके बाद दोनों तरफ घी या मक्खन लगाकर मध्यम आंच पर पराठे को सेंकें. कलछी से हल्का दबाते हुए इसे सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं. तेज आंच पर सेंकने से बाहर की परत जल्दी सिक सकती है जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से नहीं पकता. इसलिए मध्यम आंच बेहतर रहेगी.

दही और मक्खन के साथ करें सर्व
गरमा-गरम मेथी-प्याज पराठा ताजे सफेद मक्खन, मीठे या सादे दही के साथ परोसा जा सकता है. चाहें तो इसे अपनी पसंद की चटनी के साथ भी खा सकते हैं. सुबह के नाश्ते के अलावा इसे लंच बॉक्स में भी रखा जा सकता है.

About the Author

authorimg

Mohit Mohit

मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…

और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments