सलूंबर में हिन्दू जागरण मंच की ओर से भदेरिया भेरुजी प्रांगण में 151 बालिकाओं का भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे इस आयोजन में बालिकाओं का पूजन कर नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव प्रकट किया गया। सामूहिक हनुमान चालीसा एवं श्रीराम स्तुति के पाठ से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में धर्मप्रेमियों और मंच के कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भदेरिया भेरुजी के भोपाजी कुरालालजी ने बालिकाओं का पूजन कर किया। इस दौरान भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और बालिकाओं के सम्मान का संदेश दिया गया। आयोजन के माध्यम से समाज में संस्कारों के महत्व और बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। संस्कार और शिक्षा ही सफलता की मजबूत नींव
हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक शंकरलाल भोई ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में संस्कार, शिक्षा और बड़ों का सम्मान व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बालिकाओं से सुबह उठकर माता-पिता और घर के बड़े-बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने का आह्वान किया। साथ ही मोबाइल का उपयोग सीमित रखने और पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने की सीख दी। उन्होंने कहा- अच्छे संस्कार और शिक्षा जीवन की मजबूत नींव हैं। बालिकाएं शिक्षा के माध्यम से अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। हनुमान चालीसा और श्रीराम स्तुति से गूंजा परिसर
कार्यक्रम में हिन्दू जागरण मंच के जिला सहसंयोजक दुर्गेश शर्मा ने बालिकाओं एवं उपस्थित धर्मप्रेमियों को सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा और श्रीराम स्तुति का पाठ करवाया। भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण माहौल में उपस्थित लोगों ने धार्मिक पाठ में सहभागिता निभाई। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ समाज में संस्कार, सांस्कृतिक चेतना और बालिकाओं के प्रति सम्मान का भाव जागृत करना रहा। हिंदू जागरण मंच की ओर से धर्मप्रेमियों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अधिकाधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में संतोष राठौड़, बंशीलाल खटीक, कान्ती बंजारा, हितेश मेघवाल, विकास गर्ग, छगनलाल भोई, प्रेम खटीक, विजेश सुथार, गणेश मीणा, हरिश मीणा, रमेश मीणा, हितेश मीणा, प्रकाश मीणा और मांगीलाल मीणा सहित हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ता एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
Source link

