Last Updated:
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देश समझौते के काफी करीब हैं, हालांकि इस बार डील का स्वरूप अलग हो सकता है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के मुताबिक, समझौते को अंतिम रूप देने के लिए कुछ तकनीकी पहलुओं पर सहमति बनाना बाकी है और डील अगले कुछ हफ्तों में पूरी हो सकती है. वहीं, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमिसन ग्रीर के बीच भी बातचीत हो चुकी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ट्रेड डील कर सकते हैं.
भारत के साथ ट्रेड डील को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक बड़ी अपडेट दे दी है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देशों के बीच समझौता होगा और बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है. जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत के साथ ट्रेड डील जल्द होने वाली है, तो उन्होंने कहा, ‘हम समझौता करेंगे, यह काफी करीब है. लेकिन इस बार डील का स्वरूप काफी अलग होगा.’ ट्रंप के इस बयान से संकेत मिलता है कि भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि नई डील में क्या बदलाव होंगे और समझौते पर कब तक मुहर लग सकती है.
हाल ही में, नेटवर्क18 के एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी को दिए इंटरव्यू में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर अहम जानकारी दी. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता अब काफी करीब है. इसे अंतिम रूप देने के लिए कुछ तकनीकी फैक्टर्स पर सहमति बनाना बाकी है. मार्को रूबियो के मुताबिक, किसी भी बड़े समझौते की घोषणा से पहले जरूरी है कि दोनों पक्ष हर छोटी-बड़ी बात पर सहमत हों. ऐसा नहीं होना चाहिए कि डील की घोषणा पहले कर दी जाए और बाद में पता चले कि समझौता अभी पूरा नहीं हुआ है.
जल्द हो सकती है डील
मार्को रूबियो ने कहा कि बातचीत अब ऐसे चरण में पहुंच गई है, जहां समझौते की भाषा और उसके मतलब को लेकर दोनों पक्षों की सहमति जरूरी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह खुद इस बातचीत में शामिल नहीं हैं, क्योंकि इसकी जिम्मेदारी अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव की है. हालांकि, वह पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को पूरा होने में अब महीनों नहीं, बल्कि कुछ हफ्ते लगेंगे. इस समझौते से भारत को बेहतर टैरिफ दरें मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक के बाद भारत को तेल रिफाइनरी के क्षेत्र में महाशक्ति बताया.
ट्रेड डील पर हुई कई बैठक
इस महीने की शुरुआत में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमिसन ग्रीर से मिलवॉकी और वॉशिंगटन में मुलाकात की थी. इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील की बारीकियों पर चर्चा हुई. दोनों देशों ने फरवरी में अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण का स्ट्रक्चर तैयार करने का ऐलान किया था. हालांकि, बाद में अमेरिका के टैरिफ में बदलाव होने के कारण बातचीत फिर से शुरू करनी पड़ी.
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने हाल ही में नई दिल्ली में ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में कहा था कि समझौते से जुड़े बड़े मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और दोनों देश डील के काफी करीब हैं. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी बातचीत को लेकर उम्मीद जताई थी.
About the Author

यशस्वी यादव बिजनेस और फाइनेंस जर्नलिज्म से जुड़ी युवा पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब तीन साल का अनुभव है. फिलहाल, वह News18 हिंदी के साथ मनी सेक्शन में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. उनका फोक…

