Last Updated:
चुकंदर का इस्तेमाल आपने सलाद, सब्जी या जूस के रूप में जरूर किया होगा, लेकिन क्या आपने कभी इसकी बर्फी खाई है? उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं प्रिया पांडे और नाजिया बानो ने चुकंदर से खास बर्फी तैयार की है. इसमें दूध, मिल्क पाउडर, इलायची और मेवों का इस्तेमाल किया जाता है. आइए जानते हैं घर पर चुकंदर की बर्फी बनाने की आसान रेसिपी.
गाजीपुरः चुकंदर का इस्तेमाल आमतौर पर सलाद, सब्जी और जूस बनाने के लिए किया जाता है, लेकिन गाजीपुर के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने इससे बर्फी तैयार की है.
न्यूट्रीफिट फिस्टा 2026 के तहत गृह विज्ञान की छात्राओं प्रिया पांडे और नाजिया बानो ने चुकंदर की बर्फी बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों को नए तरीके से तैयार करने का प्रयोग किया.
प्रिया पांडे के मुताबिक, चुकंदर की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह धोकर साफ किया जाता है. इसके बाद इसे दूध के साथ पकाया जाता है, ताकि चुकंदर नरम हो जाए और उसका मिश्रण तैयार हो सके. फिर इसमें मिल्क पाउडर डालकर लगातार चलाया जाता है, जिससे मिश्रण गाढ़ा होने लगता है. इसके बाद स्वाद और खुशबू के लिए इलायची पाउडर मिलाया जाता है. तैयार मिश्रण को थोड़ा ठंडा करके ट्रे में फैलाया जाता है. ऊपर से काजू, बादाम और अन्य मेवे डालकर हल्के हाथों से दबाया जाता है. मिश्रण के अच्छी तरह सेट होने के बाद इसे बर्फी के आकार में काट लिया जाता है. छात्राओं के अनुसार, इसे तैयार करने में करीब 1 से 2 घंटे का समय लग सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप घर पर चुकंदर की बर्फी बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए 500 ग्राम चुकंदर, करीब 500 मिलीलीटर दूध और 150 से 200 ग्राम मिल्क पाउडर ले सकते हैं. इसके अलावा स्वाद के अनुसार मिठास, आधा चम्मच इलायची पाउडर और करीब 50 से 75 ग्राम मिश्रित मेवों की जरूरत होगी. सबसे पहले चुकंदर को कद्दूकस करके दूध के साथ धीमी आंच पर पकाएं. जब चुकंदर नरम हो जाए और अतिरिक्त नमी कम होने लगे, तो इसमें मिल्क पाउडर डालकर लगातार चलाते रहें. मिश्रण गाढ़ा होने पर इलायची पाउडर मिला दें. इसके बाद तैयार मिश्रण को घी लगी ट्रे में फैलाएं और ऊपर से मेवे डालकर हल्का दबा दें. मिश्रण के अच्छी तरह जमने के बाद इसे मनचाहे आकार में काट लें.
गृह विज्ञान विशेषज्ञ नेहा मौर्य, महिला डिग्री कॉलेज के अनुसार, चुकंदर जड़ वाली सब्जियों की श्रेणी में आता है और इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. 100 ग्राम कच्चे चुकंदर में लगभग 43 कैलोरी, 1.6 ग्राम प्रोटीन, 9.6 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 2.8 ग्राम फाइबर और 0.8 मिलीग्राम आयरन होता है. इसके अलावा इसमें पोटैशियम और फोलेट भी मौजूद होते हैं.
गृह विज्ञान की छात्राओं का यह प्रयोग बताता है कि पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थों को पारंपरिक मिठाइयों के साथ जोड़कर नए रूप में पेश किया जा सकता है. चुकंदर का प्राकृतिक रंग और ऊपर से इस्तेमाल किए गए काजू, बादाम व अन्य मेवे इस बर्फी को आकर्षक बनाते हैं.

