कानपुर के किदवई नगर स्थित रतनलाल शर्मा स्टेडियम में शिव शक्ति अखाड़ा का द्वितीय स्थापना दिवस एवं विशाल शस्त्रोत्सव संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शस्त्र पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार और शस्त्र संचालन के प्रदर्शन के जरिए सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. गौतम खट्टर ने कहा कि मौजूद समय में शस्त्रोत्सव जैसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से समाज में धर्म, संस्कृति और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ाव मजबूत करने वाला बताया। शस्त्र पूजन कर दिया सनातन संस्कृति का संदेश शिव शक्ति अखाड़ा के संस्थापक महंत मधुराम शरण शिवा महाराज ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकता पर जोर दिया। वहीं, प्रदेश महामंत्री आशीष त्रिपाठी ने शस्त्रों के महत्व और धर्म-संस्कृति की रक्षा में उनकी भूमिका पर विचार रखे। अखाड़े के संरक्षक डॉ. शिवदत्त ने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शस्त्र पूजन शस्त्रोत्सव में वैदिक परंपराओं के अनुसार शस्त्र पूजन किया गया। वेदपाठी बच्चों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इसके बाद निहंग सरदारों, बटुकों और संन्यासियों ने शस्त्र संचालन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप और वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में पहुंचे बच्चों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनके माध्यम से वीरता, साहस और देश के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। आयोजन में विशिष्ट अतिथि साध्वी प्राची दीदी, डॉ. मदन गोपाल दास महाराज और वीर रस के कवि राम भदावर सहित अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि शिव शक्ति अखाड़ा के माध्यम से आगे भी सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे।
Source link
कानपुर में शिव शक्ति अखाड़े का शस्त्रोत्सव मनाया: शस्त्र पूजन के साथ दिया सनातन संस्कृति और समाजिक एकता का संदेश – Kanpur News
RELATED ARTICLES

