दतिया में पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम बरका में दहेज में दो लाख रुपए की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। 23 वर्षीय विवाहिता ने पति नटी उर्फ राजीव कुशवाहा, जेठानी बिन्ना कुशवाहा, सास गुड्डी कुशवाहा और ससुर बहादुर सिंह कुशवाहा पर मारपीट, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दहेज मांगने के आरोप लगाए हैं। शिकायत पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मंगलवार रात दहेज अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। शादी के बाद दो लाख रुपए और मांगने का आरोप पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि, उसकी शादी 17 अप्रैल 2024 को भिंड जिले के फरदुआ निवासी राजीव कुशवाहा से हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार साढ़े तीन लाख रुपए नकद, प्लेटिना मोटरसाइकिल और गृहस्थी का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के पांच-छह महीने बाद पति सहित ससुराल के अन्य लोग कम दहेज मिलने की बात कहकर दो लाख रुपए और मांगने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और खाना भी नहीं दिया जाता था। जेवर लेकर मायके छोड़ने का आरोप साधना के मुताबिक, उसके पिता और भाई ने रिश्तेदारों के माध्यम से ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। आरोप है कि 5 सितंबर 2026 को पति उसके जेवर अपने पास रखकर उसे मायके ग्राम बरका छोड़ गया। पति ने दो लाख रुपए मिलने तक उसे वापस साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद से परिजन उसे ससुराल भेजने के लिए समझाइश देते रहे, लेकिन ससुराल पक्ष उसे लेने नहीं आया। मंगलवार, 27 अक्टूबर को पीड़िता ने अपने पिता के साथ पंडोखर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति नटी उर्फ राजीव, जेठानी बिन्ना, सास गुड्डी और ससुर बहादुर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
दतिया में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट: पति समेत 4 पर केस, 2 लाख रुपए मांगे; जेवर भी रखने का आरोप – datia News
RELATED ARTICLES

