दिल्ली में 1 नवंबर से प्रदूषण कम करने के लिए BS-VI से कम मानक वाली दूसरे राज्यों में रजिस्टर्ड गाड़ियों की एंट्री पर रोक लगेगी। इसका असर दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और सोनीपत जिलों पर भी पड़ेगा। इन जिलों में पुलिस और परिवहन विभाग वाहन चालकों, बस संचालकों और ट्रांसपोर्टरों को नए नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने की अपील कर रहे हैं। फरीदाबाद में ऐसे वाहनों के चालान भी किए जा रहे हैं, जबकि गुरुग्राम में पुलिस ने वाहनों की जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही है। हालांकि, अभी तक किसी भी जिले में बॉर्डर से सटे इलाकों में बैरिकेडिंग नहीं है। सोनीपत से वाहन सीधे दिल्ली जा रहे हैं। अब जानिए बॉर्डर जिलों में क्या हो रहा… इंडस्ट्रियलिस्ट बोले- लग्जरी निजी वाहनों को भी मिले छूट सोनीपत के इंडस्ट्रियलिस्ट धीरज का कहना है कि पिछले साल ही ज्यादातर ट्रांसपोर्टरों ने अपने वाहनों को CNG या BS-VI मानक के अनुरूप बदल लिया था। ऐसे में कॉमर्शियल वाहनों को लेकर ज्यादा परेशानी नहीं है। सबसे ज्यादा दिक्कत लग्जरी निजी वाहनों के मालिकों को हो रही है। दिल्ली से राई, कुंडली और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी गाड़ियों से आवागमन होता है। इन वाहनों का इस्तेमाल सीमित होने के बावजूद नए नियमों के चलते इन्हें खड़ा रखना पड़ सकता है। यदि गाड़ियों की कंडीशन अच्छी है और वे प्रदूषण नहीं फैलाती हैं, तो सरकार को अपनी पॉलिसी में बदलाव कर ऐसे वाहनों को भी दिल्ली में प्रवेश की अनुमति देनी चाहिए। GM बोले- रोडवेज की 211 BS-VI बसें चल रहीं हरियाणा रोडवेज सोनीपत डिपो के जनरल मैनेजर (GM) संजय कुमार का कहना है कि डिपो में BS-VI मानक की 211 बसें चल रही हैं। दिल्ली में बसों के प्रवेश को लेकर नियम पहले से निर्धारित हैं। हरियाणा रोडवेज सोनीपत की सभी बसें इन मानकों के अनुरूप हैं। ऐसे में नए नियम लागू होने के बाद भी डिपो की बसों के संचालन में कोई समस्या नहीं आएगी।
Source link

