राजधानी के मालवीय नगर सेक्टर-7 में शनिवार देर रात हिट एंड रन का मामला सामने आया। रात करीब एक बजे तेज रफ्तार स्कोडा कार ने घर के बाहर खड़ी वोक्सवैगन कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वोक्सवैगन का पिछला टायर तेज धमाके के साथ फट गया और उसकी रिम भी चकनाचूर हो गई। टक्कर के बाद कार आगे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी, जिससे पोल भी टूट गया। हादसे के बाद स्कोडा सवार मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार वोक्सवैगन कार मालवीय नगर सेक्टर-7 स्थित मकान नंबर 7/405 निवासी एसबीआई से सेवानिवृत्त एजीएम शंकर लाल बुनकर की है। वह प्रतिदिन अपनी कार घर के बाहर चारदीवारी के पास खड़ी करते हैं। शनिवार रात भी कार घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान गली में तेज रफ्तार से आई स्कोडा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि वोक्सवैगन कार क्षतिग्रस्त हालत में पोल से टकराई हुई थी, जबकि स्कोडा चालक मौके से भाग चुका था। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल स्कोडा कार सुनीता शर्मा के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार के ओवरस्पीडिंग के तीन चालान पहले भी हो चुके हैं। हादसे के बाद पीड़ित शंकर लाल बुनकर ने जवाहर सर्किल थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट दी है।
Source link

