दिल्ली. आज के समय में अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है. इस सपने को पूरा करने के लिए ज्यादातर लोग होम लोन लेते हैं. आमतौर पर होम लोन 15 से 20 साल या उससे भी ज्यादा समय के लिए लिया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सही प्लानिंग और समय-समय पर प्री-पेमेंट करके 20 साल के होम लोन को सिर्फ 10 साल में भी खत्म किया जा सकता है. इसके लिए आपको अपनी कमाई का कुछ हिस्सा समझदारी से इस्तेमाल करना होगा. अर्थशास्त्री आकाश जिंदल के मुताबिक, होम लोन का बोझ जल्दी खत्म करने का एक अच्छा तरीका प्री-पेमेंट है.
क्या होता है होम लोन प्री-पेमेंट
आसान भाषा में समझें तो जब आप हर महीने तय EMI के अलावा अपने होम लोन की कुछ अतिरिक्त रकम बैंक को देते हैं, तो इसे प्री-पेमेंट कहते हैं. इससे आपके लोन का बकाया पैसा कम हो जाता है और आगे लगने वाला ब्याज भी घट सकता है. उदाहरण के तौर पर अगर आपने 20 साल के लिए होम लोन लिया है, तो बीच-बीच में अतिरिक्त रकम जमा करके लोन की अवधि कम कर सकते हैं. इससे आपको पूरे 20 साल तक EMI नहीं चुकानी पड़ेगी.
बोनस और ESOPs का पैसा कहां करें इस्तेमाल
अक्सर नौकरी में अच्छा प्रदर्शन करने पर कर्मचारियों को बोनस, इंसेंटिव या ESOPs (Employee Stock Option) के जरिए अतिरिक्त पैसा मिलता है. ऐसे में कई लोग इस पैसे को घूमने-फिरने, महंगी शॉपिंग या पार्टी पर खर्च कर देते हैं. लेकिन आकाश जिंदल का कहना है कि इस तरह मिलने वाली अतिरिक्त रकम का इस्तेमाल होम लोन चुकाने में करना ज्यादा समझदारी हो सकती है.
पांच लाख रुपये की पार्टी करने पर कुछ दिनों बाद लोग उसे भूल सकते हैं, लेकिन अगर यही पैसा होम लोन के प्री-पेमेंट में लगा दिया जाए तो इससे लंबे समय तक चलने वाली आर्थिक जिम्मेदारी कम हो सकती है. इसलिए बोनस या ESOPs से मिलने वाली रकम को फालतू खर्च करने के बजाय होम लोन चुकाने में लगाना बेहतर ऑप्शन हो सकता है.
EMI बढ़ाएं या एक साथ जमा करें पैसा
होम लोन जल्दी खत्म करने के लिए यह समझना जरूरी है कि आपकी आमदनी किस तरह बढ़ रही है. अगर हर साल आपकी सैलरी बढ़ती है, तो आप अपनी EMI भी धीरे-धीरे बढ़ा सकते हैं. वहीं, अगर आपको एक बार में बोनस, इंसेंटिव या ESOPs से बड़ी रकम मिलती है, तो उसका इस्तेमाल एकमुश्त प्री-पेमेंट के लिए कर सकते हैं. आकाश जिंदल के मुताबिक, प्री-पेमेंट का तरीका आपकी कमाई और कैश फ्लो पर निर्भर करना चाहिए. यानी हर महीने अतिरिक्त पैसा आ रहा है तो EMI बढ़ाएं और एक साथ बड़ी रकम मिल रही है तो उसका इस्तेमाल लोन चुकाने में करें.
नौकरी जाने की स्थिति में भी मिलेगी राहत
प्राइवेट सेक्टर में नौकरी और आमदनी हमेशा एक जैसी बनी रहे, इसकी कोई गारंटी नहीं होती. आज आपकी सैलरी अच्छी हो सकती है, लेकिन भविष्य में नौकरी जाने या कंपनी में परेशानी आने की आशंका भी रहती है. ऐसे में अगर आपने समय रहते होम लोन का काफी हिस्सा चुका दिया है, तो फ्यूचर में EMI का बोझ कम हो सकता है.
निवेश करें या पहले होम लोन चुकाएं
अगर आपके पास अतिरिक्त पैसा है और आप समझ नहीं पा रहे हैं कि उसे निवेश में लगाएं या होम लोन चुकाने में, तो इस पर सोच-समझकर फैसला करना जरूरी है. आकाश जिंदल के मुताबिक, होम लोन का प्री-पेमेंट करना प्राथमिकता होनी चाहिए. लेकिन ऐसा करते समय अपने जरूरी खर्चों और इमरजेंसी फंड का ध्यान रखना भी जरूरी है.
प्री-पेमेंट से पहले इन बातों का रखें ध्यान
होम लोन का प्री-पेमेंट करने से पहले बैंक की शर्तों और किसी भी लागू चार्ज के बारे में जानकारी जरूर लें. यह भी देखें कि प्री-पेमेंट के बाद EMI कम होगी या लोन की अवधि घटेगी. आमतौर पर अगर आपका लक्ष्य जल्दी कर्ज मुक्त होना है, तो लोन की अवधि कम करवाने का ऑप्शन फायदेमंद हो सकता है.

