Last Updated:
Dahi Rai Rayta Recipe: ऑफिस की हो रही है देर या बच्चों को लंच में देना है हेल्दी नाश्ता, तो आज हम आपको एक ऐसे नाश्ते के बारे में बताने जा रहे हैं. जो 2 मिनट में बनकर तैयार हो जाएगा. यह हेल्दी भी होगा और आपके बजट में भी होगा. आज हम बात कर रहे हैं मिथिला और राजस्थानी कॉम्बो पैक वाली दही और राई वाले रायते की. इसे खाने के बाद आप उंगलियां तक चट जाएंगे.
मिथिला की गृहणी रीना चौधरी बताती हैं कि इसके लिए सबसे पहले आप ताजी दही ले लें. उसके बाद प्याज और हरी मिर्च को बारीकी से काट लें. अब एक कटोरे में अपने अनुसार ताजी दही निकालें और उसे चम्मच की सहायता से तब तक चलाएं, जब तक कि वह पूरी दही पतली न हो जाए. बीच में आप थोड़ा सा पानी भी मिला सकते हैं और फिर चम्मच से उसे चलाते रहें.
जब दही पूरी तरीके से पतली हो जाए, तब बारी आती है मसालों की. इसके बाद चूल्हे पर तवा चढ़ाएं, उस पर जीरा और काली मिर्च डालकर अच्छे से भूनें. जब तक यह भुन रहा है, तब तक दही में स्वाद के अनुसार काला नमक मिला दें. उसके बाद एक से डेढ़ चम्मच चीनी मिला दें. यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी दही कितनी खट्टी है.
इसके बाद आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच लाल सूखी मिर्च पाउडर, थोड़ी सी धनिया पाउडर और मीट मसाला पाउडर, यह सब मिलाकर अच्छे से मिला लें. फिर तवे पर भुने हुए जीरा और काली मिर्च को दरदरा पीस लें और फिर उसे भी दही में मिला दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब तवे या किसी छोटे बर्तन में सरसों का तेल डालकर गैस चूल्हे पर चढ़ाएं और उसे गर्म होने दें. जब तेल गर्म हो जाए तो राई और कढ़ी पत्ता, इनको थोड़ी सी हल्दी के साथ सरसों के तेल में अच्छे से तड़का लगा लें. जब यह अच्छे से तड़क जाए, तब दही के रायते में इसका छौंक लगाएं और उसे अच्छे से मिला लें.
अब बारी आती है प्याज और हरी मिर्च की. बारीक कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च को इस दही के रायते में मिलाएं और उसे अच्छे से मिलाकर तुरंत सर्व करें. रोटी, पूरी किसी के साथ भी इसका आनंद ले सकते हैं. काफी स्वादिष्ट और लाजवाब व्यंजन आपका तैयार हो जाएगा.

