Nagaur: सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्म रखने और खानपान में पौष्टिक व्यंजनों को शामिल करने के लिए पारंपरिक व्यंजन काफी पसंद किए जाते हैं. राजस्थान में ठंड के दौरान गोंद से बनी राब का विशेष महत्व है. यह व्यंजन स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सूखे मेवे, गुड़, घी और सौंठ जैसी पौष्टिक सामग्री से तैयार किया जाता है. सर्दियों के मौसम में इसे गर्मागर्म पीना काफी अच्छा लगता है और सबसे खास बात यह है कि गोंद की राब को घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
फूड एक्सपर्ट ऊषा यादव के अनुसार, गोंद की राब तैयार करने के लिए 30 ग्राम गोंद, 2 चम्मच घी, 10 ग्राम काजू, 10 ग्राम बादाम, 5 ग्राम पिस्ता, 5 ग्राम अखरोट, 10 ग्राम कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, 1 चम्मच सौंठ पाउडर, 1 चम्मच इलायची पाउडर, 40 ग्राम गुड़, 1 चुटकी केसर और 100 मिलीलीटर पानी की आवश्यकता होगी. बनाने से पहले सभी ड्राई फ्रूट्स को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर रख लें, ताकि राब में इनका स्वाद अच्छी तरह घुल सके.
इस तरह करें गोंद की राब तैयार
सबसे पहले एक कढ़ाही में घी गर्म करें और घी गर्म होने पर उसमें गोंद डालकर धीमी आंच पर भूनें. गोंद को लगातार चलाते रहें ताकि वह जले नहीं और अच्छी तरह फूलकर सुनहरा हो जाए. इसके बाद भुने हुए गोंद को हल्का ठंडा करके जरूरत के अनुसार छोटे टुकड़ों में कर लें. अब उसी कढ़ाही में कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट और कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालें और इन सभी चीजों को लगभग दो मिनट तक हल्का भून लें. इसके बाद इसमें सौंठ पाउडर और इलायची पाउडर मिलाएं और तैयार मिश्रण को अलग बाउल में निकालकर रख दें.
गुड़ और केसर के साथ ऐसे पकाएं
अब कढ़ाही में थोड़ा घी डालें और उसमें गुड़ डालकर धीमी आंच पर पिघला लें. दूसरी तरफ एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें केसर डालकर उबालें. इसके बाद गुड़ वाले मिश्रण में गर्म पानी और तैयार गोंद-मेवे का मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे धीमी आंच पर करीब दो मिनट तक पकाएं ताकि सभी सामग्री आपस में अच्छी तरह मिल जाए. तैयार होने पर इसे गर्मागर्म कटोरी या गिलास में परोसें.
सर्दियों में क्यों खास है गोंद की राब
गोंद की राब में घी, गुड़, सूखे मेवे और सौंठ जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसे स्वादिष्ट और ऊर्जा से भरपूर बनाती हैं. सर्दियों में गर्मागर्म राब पीना एक पारंपरिक खानपान का हिस्सा है. सौंठ और इलायची इसकी खुशबू और स्वाद को बढ़ाते हैं, वहीं काजू, बादाम और अखरोट इसे पौष्टिक बनाते हैं. इसे सुबह नाश्ते या शाम के समय गर्मागर्म परोसा जा सकता है, हालांकि गुड़, घी और मेवों की मात्रा अपनी जरूरत और खानपान के अनुसार रखें.

