अयोध्या से जनकपुर जा रही विशेष ट्रेन संख्या 04295 मंगलवार को निर्धारित समय पर दरभंगा के शिशो रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन रात 2:53 बजे स्टेशन पहुंची और दो मिनट के ठहराव के बाद 2:55 बजे जयनगर के लिए रवाना हो गई। ट्रेन के आगमन को लेकर रेलवे और सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मी स्टेशन पर तैनात रहे। ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे डिप्टी एसआरपी समस्तीपुर मो. आदिल बेलाल ने शिशो स्टेशन पर बताया कि भारत और नेपाल के बीच ट्रेन सेवा शुरू होना बेहद सुखद और गर्व का क्षण है। यह ट्रेन भगवान राम की नगरी अयोध्या से माता जानकी की नगरी जनकपुर तक जाएगी। उन्होंने कहा कि शिशो स्टेशन से जयनगर तक ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके नेतृत्व में रहेगी। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। सीतामढ़ी से ही ट्रेन को किया जा रहा था एस्कॉर्ट ट्रेन की सुरक्षा के लिए सीतामढ़ी से ही सुरक्षा बलों की ओर से एस्कॉर्ट किया जा रहा था। एएससी आरपीएफ रक्सौल आरके सिन्हा और रेल थाना सीतामढ़ी के ज्वाला प्रसाद के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई थी। शिशो स्टेशन पहुंचने पर रेल थाना सीतामढ़ी के थानाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद ने ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी दरभंगा जीआरपी के जवानों को सौंप दी। स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक एसए सिद्दीकी, जीआरपी थानाध्यक्ष सौदागर पासवान पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। आरपीएफ पोस्ट इंचार्ज पोखराज मीणा भी जवानों के साथ ट्रेन में सवार होकर जयनगर के लिए रवाना हुए। इसके अलावा डीसीआई दिलीप कुमार, टीआई अमित कुमार झा, सीएस अनिल कुमार और स्टेशन मास्टर अमरेंद्र कुमार ठाकुर भी उपस्थित रहे। शिशो स्टेशन पर नहीं दिखी यात्रियों की भीड़ ट्रेन के दो मिनट के ठहराव के दौरान शिशो स्टेशन पर न तो कोई यात्री उतरा और न ही कोई इसमें सवार हुआ। स्टेशन पर यात्रियों की विशेष भीड़ भी नहीं दिखी। इस मौके पर जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद नहीं रहे। शिशो के बाद ट्रेन का अगला ठहराव मधुबनी रेलवे स्टेशन निर्धारित है। इसके बाद ट्रेन सुबह 6:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार, विशेष ट्रेन मंगलवार को जनकपुर से अयोध्या के लिए वापस रवाना होगी।
Source link

