राज्य सरकार एक दिसंबर को 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण लेगी। यह ऋण केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उधारी सीमा के भीतर है।
.
वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करने की संभावना है। चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक राज्य सरकार 51 हजार 900 करोड़ रुपये का कर्ज बाजार से ले चुकी है।
राज्य सरकार द्वारा एक दिसंबर को प्रस्तावित 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण तीन अलग-अलग हिस्सों में 500, 500 एवं 500 करोड़ रुपये के रूप में लिया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार द्वारा प्रदेश की कुल उधारी सीमा लगभग 87 हजार करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रथम नौ माह के लिए 58 हजार 274 करोड़ रुपये की बाजार ऋण सीमा स्वीकृत है। प्रस्तावित ऋण निर्धारित सीमा के भीतर है।
15573 करोड़ की ब्याज चुकाई सरकार ने
राज्य सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष में 29 हजार 980 करोड़ रुपये तथा चालू वित्तीय वर्ष में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15 हजार 573 करोड़ रुपये का कर्ज ब्याज के रूप में चुकाया है।
सरकार का दावा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करने की संभावना है। राज्य सरकार द्वारा लिए जा रहे कर्ज का उपयोग मुख्य रूप से सिंचाई परियोजनाओं, सड़क एवं एक्सप्रेस-वे, विद्युत अधोसंरचना तथा अन्य दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए किया जाता है।
इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
बजट अनुमान 2026-27 में राज्य का ऋण और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का अनुपात 32.53 प्रतिशत अनुमानित है।
प्रदेश में ब्याज भुगतान और राजस्व प्राप्तियों का अनुपात लगभग 10 से 11 प्रतिशत है।
आर्थिक क्षमता और परिसंपत्तियां भी वित्तीय स्थिति का आधार
वित्त विभाग के अनुसार सार्वजनिक ऋण के आंकलन में केवल प्रति व्यक्ति ऋण को आधार बनाना राज्य की वास्तविक आर्थिक स्थिति का संपूर्ण चित्र प्रस्तुत नहीं करता। ऋण का मूल्यांकन राज्य की जीएसडीपी, राजस्व प्राप्तियों, ब्याज भुगतान क्षमता, पुनर्भुगतान रिकॉर्ड और ऋण से निर्मित उत्पादक परिसंपत्तियों के आधार पर किया जाना आवश्यक है।

