Last Updated:
Retirement Planning : अगर आप भी रिटायरमेंट के बाद की जिंदगी को लेकर चिंतित हैं और सोच रहे कि बुढ़ापे में बेहतर जिंदगी का इंतजाम कैसे होगा तो कुछ बातों पर अभी से गौर करना जरूरी है. मान लीजिए कि आपके पास 1.5 करोड़ का फंड बन जाता है तो रिटायरमेंट के बाद कितनी पेंशन बनेगी. इस पेंशन के लिए आपके पास कई निवेश विकल्प होंगे.
रिटायरमेंट के लिए निवेश के कई बेहतर ऑप्शन बाजार में मौजूद हैं.
नई दिल्ली. हर नौकरी करने वाले की एक ही टेंशन होती है कि रिटायरमेंट के बाद आराम से जिंदगी बिताने के लिए कितना पैसा पर्याप्त होगा. जब तक नौकरी और कमाई रहती है, उन्हें घर-गाड़ी, शादी-पढ़ाई सहित तमाम जिम्मेदारियों को निभाना पड़ता है. इन जिम्मेदारियों के बीच ही उन्हें रिटायरमेंट के लिए भी फंड जुटाना पड़ता है. बढ़ती महंगाई के बीच यह फंड जुटाना किसी चुनौती से कम नहीं है. ऐसे में अगर कोई जिंदगीभर मेहनत करके 1.5 करोड़ रुपये का फंड बना लेता है तो उसे रिटायरमेंट के बाद हर महीने कितनी पेंशन मिलेगी.
दरअसल, पेंशन का मामला कई चीजों पर निर्भर करता है. अगर आप सरकारी नौकरी करते हैं और एनपीएस में निवेश करते हैं तो आपकी पेंशन एन्युटी के हिसाब से तय की जाएगी. लेकिन, प्राइवेट नौकरी करने वालों को अपनी पेंशन का इंतजाम खुद करना होगा. ईपीएफओ में होने वाली कटौती से 1.5 करोड़ का फंड बनाना मुश्किल है. लिहाजा प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों को अन्य जगहों पर भी निवेश करना होगा और रिटायरमेंट के बाद अपने लिए पेंशन का जुगाड़ भी करना पड़ेगा. तीसरा तरीका है कि आप इस फंड को एफडी या अन्य निवेश विकल्पों में लगातार बुढ़ापे में पेंशन का जुगाड़ करें. अब तीनों ही सिनेरियो में आपको कितनी पेंशन मिलेगी, आइये इसका कैलकुलेशन करते हैं.
एनपीएस में निवेश किया तो कितनी पेंशन
अगर आप सरकारी कर्मचारी हैं या फिर प्राइवेट सेक्टर में काम करने के बावजूद एनपीएस में निवेश करते हैं और जिंदगीभर जोड़-तोड़कर 1.5 करोड़ का फंड बनाया है तो रिटायर होने के बाद इसका 60 फीसदी पैसा आपको एकमुश्त दे दिया जाएगा. इसका मतलब है कि 90 लाख रुपये आपको एकमुश्त मिल जाएंगे, जबकि बाकी 60 लाख की एन्युटी बन जाएगी. अगर अगर इस 60 लाख पर 7 फीसदी का ब्याज मिलता है तो हर साल आपको 4.20 लाख का ब्याज मिलेगा और यही ब्याज 12 महीने में बांटकर हर महीने 35 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी. अगर आप एकमुश्त मिली 90 लाख की रकम को भी एफडी करा देते हैं, जिस पर 7 फीसदी का ब्याज मिलता है तो हर साल 6.30 लाख का ब्याज मिलेगा और आपको हर महीने 52.5 हजार की पेंशन मिल सकती है. इस तरह, दोनों पेंशन की रकम मिलाकर आपके लिए हर महीने 87.5 हजार की पेंशन का जुगाड़ बन जाएगा.
खुद बनाया कॉर्पस तो कितना रिटर्न
अगर आपने खुद निवेश करके जिंदगीभर की मेहनत से 1.5 करोड़ का कॉर्पस बनाया है तो रिटायरमेंट के बाद इसे म्यूचुअल फंड में रखकर अच्छा ब्याज निकाल सकते हैं. मान लीजिए कि आपको फंड पर 12 फीसदी का सालाना ब्याज मिलता है तो 1.5 करोड़ की रकम पर हर साल करीब 18 लाख का ब्याज मिलेगा. इस रकम को 12 महीने में बांटें तो 1.5 लाख रुपये की हर महीने पेंशन बनाई जा सकती है, जबकि आपका पूरा कॉर्पस सुरक्षित बना रहेगा. अब यह आपके हाथ में कि आप अपने फंड को किस विकल्प में निवेश करके पेंशन का जुगाड़ करते हैं.
एनपीएस में भी पूरी निकासी का विकल्प
एनपीएस के नियमों में भी अब संशोधन किया जा रहा है और सरकार एक तय अवधि के बाद पूरी रकम निकालने की छूट दे सकती है. अभी तक 60 फीसदी एकमुश्त निकालने का विकल्प मिलता है, जबकि 40 फीसदी की एन्युटी खरीदनी होती है. लेकिन, बदले नियमों के तहत एक तय अवधि के बाद पूरी रकम निकाली जा सकती है. जाहिर है कि आप इस रकम को म्यूचुअल फंड या एफडी में लगाकर अपने लिए हर महीने ठीक-ठाक पेंशन का जुगाड़ कर सकते हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

