शिक्षा, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य के सपनों का उत्सव शनिवार को उस समय देखने को मिला, जब दैनिक भास्कर प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 में शहर और आसपास के क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। समारोह में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के सम्मान के साथ अशोका ग्रीन का सभागार तालियों की गूंज से भर उठा, जबकि अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। समारोह में उदयपुर के जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला ने छात्र-छात्राओं को संबोधित कर मोटिवेट किया और उनको अपने जीवन के संस्मरण भी सुनाए और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में पेसिफिक यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. हेमंत कोठारी, बडाला क्लासेस के निदेशक राहुल बडाला, टेक्नो इंडिया एनजेआर इंस्टीट्यूट के निदेशक आर.एस. व्यास, समाजसेवी भीम सिंह चुंडावत और डी.एल. पाटीदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इससे पहले दैनिक भास्कर यूनिट हेड प्रशांत कुकरेती ने सभी का स्वागत किया। अग्रवाल-सकारात्मक सोच रखते हुए रुचि के अनुरूप आगे बढ़े
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा ईश्वर की देन हो सकती है, लेकिन उसे सफलता में बदलने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच रखने और अपनी रुचि के अनुरूप करियर चुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में वही युवा आगे बढ़ेंगे जो सीखना कभी नहीं छोड़ेंगे। मणिमाला-स्टूडेंट बड़े सपने देखे.. प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला ने कहा कि वे एक सामान्य परिवार से हैं और अपने परिवार की पहली आईएएस अधिकारी बनी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के विश्वास और मार्गदर्शन को देते हुए विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, छोटे लक्ष्य तय कर लगातार आगे बढ़ने और हर चुनौती का मुस्कुराकर सामना करने की सीख दी। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़े
निःशुल्क करियर काउंसलिंग सत्र भी समारोह में विद्यार्थियों को केवल सम्मानित ही नहीं किया गया, बल्कि उन्हें भविष्य की दिशा भी दिखाई गई। आयोजित निःशुल्क करियर काउंसलिंग सत्र में विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, नई शिक्षा नीति, कौशल आधारित करियर, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और देश-विदेश में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। आयोजन का संचालन माय एफएम के आरजे काव्य ने किया। कार्यक्रम में पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल एवं पेसिफिक यूनिवर्सिटी प्रायोजक रहे, जबकि बडाला क्लासेस, टेक्नो इंडिया एनजेआर इंस्टीट्यूट, वीसीडी कॉलेज ऑफ डिजाइनिंग, ए टू जेड यूनिफॉर्म, वत्स एकेडमी और अन्य सहयोगी संस्थानों ने सहभागिता निभाई। समारोह से जुड़ी तस्वीरें देखे….
Source link

