IIT खड़गपुर देश का पहला ऐसा आईआईटी बन गया है, जहां पोस्ट ग्रेजुएड मेडिकल कोर्स शुरू किए जाएंगे। नेशनल मेडिकल काउंसिल यानी NMC ने IIT खड़गपुर को मेडिकल कोर्स शुरू किए जाने की मंजूरी दे दी है। आईआईटी खड़गपुर ने मार्च में नेशनल मेडिकल काउंसिल से पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) कोर्स शुरू करने के लिए आवेदन दिया था।
मेडिकल कोर्स वाला देश का पहला IIT
फिलहाल IIT खड़गपुर के अलावा देश के अन्य किसी भी आईआईटी में मेडिकल कोर्स शुरू किए जाने की अनुमति नेशनल मेडिकल काउंसिल की तरफ से नहीं मिली है। इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर सुमन चक्रवर्ती ने 31 मार्च 2026 को इसे लेकर NMC में आवेदन दाखिल किया था। अपने आवेदन में IIT खड़गपुर की तरफ से पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन की 20 सीटों की मांग रखी गई थी।
IIT खड़गपुर में मेडिकल कोर्स शुरू करने के आवेदन को मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन यानी शिक्षा मंत्रालय का भी साथ मिला है। इस आवेदन पर आखिरी फैसला मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर और नेशनल मेडिकल काउंसिल को लेना था।
अक्टूबर में NMC की टीम ने किया था दौरा
पिछले महीने यानी अक्टूबर 2026 में नेशनल मेडिकल काउंसिल की टीम ने आईआईटी खड़गपुर कैंपस में मौजूद डॉक्टर बी सी रॉय मेडिकल कॉलेज का जायजा लिया था। इसके बाद NMC की तरफ से कोर्स शुरू करने की अनुमति दी गई है।
अक्टूबर में NMC की टीम ने IIT खड़गपुर के बलरामपुर कैंपस में मौजूद श्यामा प्रसाद इंस्टिट्यूट ऑफ मेडकल साइंस एंड रिसर्च का भी दौरा किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टर ऑफ मेडिसिन छात्र यहां हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग लेंगे। IIT खड़गपुर में NEET परीक्षा के जरिए ही छात्र दाखिला ले सकेंगे। इसके लिए इंस्टिट्यूट की तरफ से 20 डॉक्टर को अपॉइंट किया गया है, जो 2027 सत्र से दाखिला लेने वाले छात्रों को पढ़ाएंगे।
IIT खड़गपुर ने जनरल मेडिसिन के अलावा रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, फिजियोलॉजी और कम्युनिटी मेडिसन की पढ़ाई के लिए NMC में आवेदन दिया था। पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर कैंपस में मौजूद डॉक्टर वी सी रॉय मल्टी-स्पैसियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर की नींव तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने 17 मई 2007 में रखी थी। इसमें MBBS कॉलेज के साथ-साथ सुपर-स्पैसियलिटी अस्पताल की भी आधारशिला रखी गई थी।
यह भी पढ़ें – नोएडा-गाज़ियाबाद पूरे NCR में 5वीं क्लास तक स्कूल हाइब्रिड मोड पर चलाने के आदेश, बढ़ते प्रदूषण को लेकर बड़ा फैसला

