Friday, May 29, 2026
HomeफूडLeftover Chapati Dessert Hack: रोटियों से बनाएं घर पर गुलाब जामुन, बिना...

Leftover Chapati Dessert Hack: रोटियों से बनाएं घर पर गुलाब जामुन, बिना झंझट तैयार होगी परफेक्ट मिठाई


Gulab Jamun From Leftover Chapati : गुलाब जामुन भारत की उन मिठाइयों में से एक है जिसे हर मौसम, हर मौके और हर उम्र के लोग पसंद करते हैं. चाहे त्योहार हो, शादी हो या मेहमानों का आना-गुलाब जामुन की मौजूदगी मिठास बढ़ा देती है. आमतौर पर हम इसे मावा या मिल्क पाउडर से बनाते हैं, लेकिन आज हम कुछ नया और मजेदार करने जा रहे हैं. अगर आपके घर में रात की दो रोटियां बच गई हैं, तो उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं है. आज हम उन्हीं रोटियों से बनाएंगे करीब 75 छोटे-छोटे गुलाब जामुन-वो भी ऐसे कि एक-एक गुलाब जामुन रसीला, मुलायम और लाजवाब बनेगा. बिना किसी महंगे सामान के, बिना ज्यादा मेहनत के, ये मिठाई आप अपने किचन में बहुत ही कम खर्च में बना सकते हैं. और सबसे बड़ी बात-इसे देखकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा पाएगा कि ये बची हुई रोटी से बने हैं. ये रेसिपी खास उन लोगों के लिए है जो रसोई में चीज़ों को बर्बाद नहीं करना चाहते और कुछ हटके बनाना पसंद करते हैं. तो चलिए, जान लेते हैं इस आसान और स्वाद से भरपूर रेसिपी को स्टेप-बाय-स्टेप.

सामग्री
-रात की बची हुई 2 सूखी रोटियां
-1 टेबल स्पून गेहूं का आटा
-1 कप दूध (गुनगुना)
-2 कप चीनी
-2 कप पानी
-2 कप मिल्क पाउडर
-½ टीस्पून बेकिंग पाउडर
-1 टेबल स्पून घी
-ड्राय फ्रूट (बादाम, किशमिश, चिरौंजी आदि)
-केवड़ा एसेंस या इलायची पाउडर (स्वाद अनुसार)
-तलने के लिए घी या तेल

विधि स्टेप बाय स्टेप इस प्रकार है

1. रोटियों को पीसना
रात की सूखी हुई रोटियों को हल्का सेंक लें ताकि वे और कड़क हो जाएं. अब इन्हें छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सी में दरदरा पीस लें. फिर उसमें 1 चम्मच गेहूं का आटा मिलाकर दोबारा पीसें. अब मिश्रण को छानकर एक बाउल में रखें.

2. चाशनी तैयार करना
एक भगोने में 2 कप चीनी और 2 कप पानी मिलाकर उबालें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए, तो 3-4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि चाशनी हल्की चिपचिपी न हो जाए. चाहें तो इसमें इलायची या केसर डाल सकते हैं. गैस बंद कर दें और चाशनी को थोड़ा गुनगुना रहने दें.

3. डो तैयार करना
रोटी के पाउडर जितना दूध लें और उसमें मिलाएं. इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह नरम हो जाए. अब इसमें मिल्क पाउडर, बेकिंग पाउडर और घी मिलाएं. मिश्रण को अच्छे से गूंथ लें. ज़रूरत हो तो थोड़ा दूध और डाल सकते हैं. ध्यान रखें, मिश्रण बहुत सख्त या बहुत नरम न हो.

4. भरावन तैयार करना (ऑप्शनल)
ड्राय फ्रूट्स को काटकर थोड़े से गूंथे हुए मिश्रण में मिला लें. चाहें तो इसमें हल्का फूड कलर डाल सकते हैं. इससे हम भरावन वाले गुलाब जामुन बनाएंगे.

5. गुलाब जामुन बनाना
अब मिश्रण से छोटे-छोटे बॉल्स बनाएं. अगर भरावन डालना हो तो बड़ा गोला बनाएं, बीच में जगह बनाकर ड्राय फ्रूट भरें और फिर गोल कर दें. बाकी मिश्रण से मिनी गुलाब जामुन बनाएं.

6. तलना
कढ़ाही में तेल या घी गरम करें. जब वह मध्यम तापमान पर हो, तब गुलाब जामुन डालें. धीमी आंच पर धीरे-धीरे तलें ताकि वे अंदर तक पकें और सुनहरे या गहरे भूरे हो जाएं (जैसे चाहें वैसा रंग).

7. चाशनी में डालना
तले हुए गुलाब जामुन को गुनगुनी चाशनी में डालें. इन्हें कम से कम 1 घंटे के लिए चाशनी में रहने दें ताकि वो चाशनी को सोख लें और रसीले बनें.

परोसने का तरीका
अब आपके गुलाब जामुन परोसने के लिए तैयार हैं. इन्हें ड्राय फ्रूट्स से सजाएं या चांदी के वर्क से. आप चाहें तो आइसक्रीम के साथ या ठंडा करके भी खा सकते हैं. छोटे वाले गुलाब जामुन को टूथपिक में लगाकर बच्चों को सर्व करें, उन्हें बहुत पसंद आएंगे.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments