वॉशिंगटन डीसी/तेहरान14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान के झंडे वाले मालवाहक जहाज M/V टॉस्का को अमेरिकी नौसेना ने रोका। यह वीडियो अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की तरफ से जारी की गई है।
अमेरिका ने ईरान के एक मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है। राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक टॉस्का नामक यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसे अमेरिकी डेस्ट्रॉयर USS स्प्रूअन्स ने रोका।
ट्रम्प के मुताबिक, जहाज ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद अमेरिकी मरीन ने उसे रोक लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस वक्त जहाज हमारे कब्जे में है। हम पूरी तरह इसे कंट्रोल में लेकर देख रहे हैं कि इसके अंदर क्या है।”
दूसरी तरफ, ईरान के हजरत खातम अल-अनबिया सैन्य मुख्यालय ने कहा कि अमेरिका ने सीजफायर का उल्लंघन किया और ओमान की खाड़ी में ईरान के एक व्यापारिक जहाज पर फायरिंग की, जिससे उसका नेविगेशन सिस्टम खराब हो गया।
तस्नीम मीडिया के मुताबिक यह जहाज चीन से ईरान जा रहा था। ईरान ने इसे समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि वे जल्द इसका जवाब देंगे।
हमले से पहले टॉस्का की आखिरी लोकेशन
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
भारतीय जहाजों पर फायरिंग: ईरान ने होर्मुज में 2 भारतीय जहाजों पर फायरिंग की। 14 जहाज रोके गए, 13 लौटे। भारत ने राजदूत को तलब कर विरोध जताया।
होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद: ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाते हुए स्ट्रेट दोबारा बंद किया।
दूसरी बैठक पर संशय: ईरान ने इस्लामाबाद में होने वाले शांति वार्ता के दूसरे दौर में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ईरान ने अमेरिका की मांगों और को इस फैसले का मुख्य कारण बताया है।
जेडी वेंस का दौरा टला: पाकिस्तान में दूसरे दौर की वार्ता में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का दौरा टल गया है। ट्रम्प ने इंटरव्यू के दौरान बताया कि सुरक्षा चिंताओं के चलते वेंस इस्लामाबाद नहीं जाएंगे।
ट्रम्प की चेतावनी: ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के पास शांति समझौते के लिए यह आखिरी मौका है। उन्होंने कहा कि वह पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की तरह वही गलती नहीं दोहराएंगे।
लाइव अपडेट्स
15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका-ईरान सीजफायर खत्म होने में 2 दिन बाकी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 11-12 अप्रैल को अमेरिका-ईरान के बीच पीस टॉक का आयोजन हुआ था।
अमेरिका और ईरान के बीच 22 अप्रैल को सीजफायर खत्म होने वाला है। इससे पहले ईरान ने पाकिस्तान में होने वाली दूसरे दौर की बातचीत से इनकार कर दिया है।
ईरान का आरोप है कि अमेरिका की ज्यादा मांगें, अव्यवहारिक शर्तें, बार-बार रुख बदलना और लगातार विरोधाभास बातचीत में रुकावट डाल रहे हैं। ईरान ने अमेरिका पर झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया।
ईरान ने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी सीजफायर के समझौते का उल्लंघन है और अमेरिका की धमकी भरी भाषा से हालात और खराब हो रहे हैं। इन परिस्थितियों में बातचीत की उम्मीद बहुत कम है।
पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोगद्दम ने भी अमेरिका की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक तरफ अमेरिका अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ रहा है, नाकेबंदी जारी रख रहा है और युद्ध की धमकी दे रहा है, और दूसरी तरफ बातचीत की बात करता है, जो सही नहीं है।
38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान जंग में इस्तेमाल होने वाले 4 अहम शब्द
होर्मुज: यह होर्मुज जलडमरूमध्य को कहा जाता है। इस नाम की उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग राय हैं, लेकिन सबसे ज्यादा माना जाता है कि यह “अहुरा मज्दा” से जुड़ा है, जो जोरोएस्ट्रियन धर्म में सबसे बड़े देवता हैं। इसका मतलब होता है “बुद्धिमान भगवान”।
शाहेद: यह ईरान के सस्ते ड्रोन होते हैं, जिन्हें अक्सर कामिकाजे ड्रोन कहा जाता है। ये ड्रोन अपने साथ विस्फोटक ले जाते हैं और सीधे टारगेट पर जाकर टकराते हैं। सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये सस्ते और आसान तकनीक से बनाए जाते हैं। इसी वजह से इन्हें बड़ी संख्या में तैयार किया जा सकता है।
टॉमहॉक: पहले टॉमहॉक एक तरह की कुल्हाड़ी को कहा जाता था, जिसे उत्तरी अमेरिका के आदिवासी लोग इस्तेमाल करते थे। अब सैन्य भाषा में यह एक लंबी दूरी तक मार करने वाली अमेरिकी क्रूज मिसाइल का नाम है, जो हर मौसम में काम कर सकती है। इस बारे में पढ़ें…
अयातुल्लाह: यह शिया इस्लाम में सबसे बड़े धार्मिक पदों में से एक है। यह उपाधि उन बड़े धार्मिक विद्वानों को दी जाती है, जिन्हें इस्लामी कानून, धर्म और शिक्षा में गहरी समझ होती है।
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा मुफ्त नहीं मिलेगी
ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा मुफ्त में नहीं मिलेगी।
उन्होंने X पर लिखा कि एक तरफ ईरान के तेल निर्यात पर रोक लगाई जाए और दूसरी तरफ बाकी देशों को सुरक्षित रास्ता मिले, यह संभव नहीं है।
उन्होंने साफ कहा कि विकल्प दो ही हैं। या तो सभी के लिए तेल बाजार खुला रहे, या फिर हर किसी को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
आरिफ ने यह भी कहा कि दुनिया में ईंधन की कीमतों में स्थिरता तभी आएगी, जब ईरान और उसके सहयोगियों पर आर्थिक और सैन्य दबाव पूरी तरह खत्म किया जाएगा।
02:59 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच तेल की कीमतें बढ़ीं
ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है और शेयर बाजार पर दबाव दिख रहा है। वीकेंड पर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास हालात बिगड़ने से यह उम्मीद कम हो गई है कि यह अहम समुद्री रास्ता जल्दी खुल पाएगा।
ब्रेंट क्रूड, जो दुनिया का प्रमुख बेंचमार्क है, 6 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है। इस वजह से भारत समेत दुनियाभर में तेल के दाम बढ़ने लगे हैं।
नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपए, बांग्लादेश में 90.95 रुपए, पाकिस्तान में 122.42 रुपए, भूटान में 97.88 रुपए, चीन में 130.11 रुपए, श्रीलंका में 134.86 रुपए (सभी भारतीय रुपए में) तक पहुंच गई है।
02:24 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोग



ईरान में बड़ी संख्या में लोग तेहरान की सड़कों पर उतरकर सरकार के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कई लोगों ने साफ कहा कि उन्हें अमेरिका पर बिल्कुल भरोसा नहीं है और सरकार को झुकना नहीं चाहिए।
लोगों ने कहा कि अमेरिका ने अब तक अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। इसलिए भले ही बातचीत जारी रखनी पड़े, लेकिन अमेरिका पर भरोसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
01:55 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी सेना ने टॉस्का को 6 घंटे तक चेतावनी दी थी

टॉस्का जहाज एक बड़ा कंटेनर शिप है। इसकी लंबाई- 294 मीटर और चौड़ाई- 32.5 मीटर है। यह चीन से आ रहा था। 12 अप्रैल को मलेशिया के क्लांग पोर्ट से रवाना हुआ था और ईरान के अब्बास बंदरगाह की ओर जा रहा था।
अमेरिकी सेना के मुताबिक, उसने रविवार को करीब 6 घंटे तक जहाज के क्रू को कई बार चेतावनी दी और कहा कि यह जहाज वाशिंगटन की घोषित नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहा है।
जब जहाज नहीं रुका, तो एक अमेरिकी वॉरशिप ने अपने 5 इंच MK-45 गन से फायर कर उसके इंजन रूम को निशाना बनाया, जिससे जहाज की स्पीड रुक गई। इसके बाद अमेरिकी सैनिक जहाज पर चढ़ गए और उसे अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल यह जहाज अमेरिकी कंट्रोल में है।
01:35 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इस्लामाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मध्यस्थता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बीच अमेरिका की एडवांस सिक्योरिटी टीमें भी पाकिस्तान पहुंच चुकी हैं, जो आमतौर पर हाई-लेवल मीटिंग से पहले सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करती हैं।
वहीं, ईरान ने शनिवार को कहा कि उसे अमेरिका से नए प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि ये मौजूदा तनाव कम करने और बातचीत आगे बढ़ाने से जुड़े हो सकते हैं। यानी एक तरफ जमीन पर सुरक्षा तैयारियां तेज हैं, तो दूसरी तरफ पर्दे के पीछे बातचीत की कोशिशें भी जारी हैं।




01:24 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया
ईरान के हजरत खातम अल-अनबिया सैन्य मुख्यालय ने अमेरिका पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है। ईरान का दावा है कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में चीन से ईरान आ रहे एक व्यापारिक जहाज पर गोलीबारी की है।
01:07 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका ने बातचीत में धोखा दिया
ईरान ने अमेरिका पर अपने वादों से मुकरने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। ये बयान राष्ट्रपति मसूद पजशकियान और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच हुई बातचीत के बाद आया है।
ईरान का कहना है कि उसने सद्भावना दिखाते हुए जलमार्ग खोलने की कोशिश की थी, लेकिन अमेरिका ने अपनी समुद्री घेराबंदी न हटाकर समझौते की शर्तों को तोड़ दिया है।
01:06 AM20 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री बोले- अमेरिका जहाजों को धमकी दे रहा
ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री से कहा कि अमेरिका ईरान के जहाजों और बंदरगाहों को धमका रहा है और गलत मांगें कर रहा है। इससे साफ है कि अमेरिका शांति चाहता ही नहीं है।


