Last Updated:
Aamir Khan Property : आमिर खान ने मुंबई के पॉश इलाके शांताक्रूज में अपने तीन लग्जरी अपार्टमेंट को किराये पर दिया है. उन्हें हर महीने 38 लाख रुपये का किराया मिलेगा, जो चार साल की अवधि के लिए दिया गया है.
आमिर खान के पास शांता क्रूज में ही तीन अपार्टमेंट हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के एक्टर आमिर खान ने मुंबई में कई प्रॉपर्टी बनाई है. शांताक्रूज में तो उनके 3 लग्जरी अपार्टमेंट हैं, जिन्हें हाल में ही किराये पर उठाया है. आमिर को इन तीनों अपार्टमेंट से हर महीने करीब 38 लाख रुपये किराया मिल जाएगा. यह तीनों लग्जरी अपार्टमेंट शांताक्रूज (पश्चिम) के सीजन त्रिमूर्ति इलाके में स्थित हैं. मुंबई में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का काम देखने वाली एजेंसी CRE Matrix का कहना है कि यह अपार्टमेंट 4 साल के लिए किराये पर दिए गए हैं.
लीज एंड लाइसेंस एग्रीमेंट के अनुसार, पेपर पर सीजन अवेन्यू प्रॉपर्टीज और आमिर हुसैन खान के हस्ताक्षर किए गए हैं. इसमें तीन अपार्टमेंट को लीज पर दिया गया है, जो 11वें, 12वें और 14वें मंजिल पर स्थित हैं. इसमें से 14वीं मंजिल पर मौजूद अपार्टमेंट 6,200 वर्गफुट का है, जबकि 11वीं और 12वीं मंजिल पर मौजूद अपार्टमेंट 3,000 वर्गफुट का है. तीनों अपार्टमेंट का कुल क्षेत्रफल 12 हजार वर्गफुट है. यह अपार्टमेंट शांताक्रूज के नॉर्थ एवेन्यू में स्थित है.
एक अपार्टमेंट का 20 लाख किराया
आमिर ने तीनों अपार्टमेंट किराये पर दिए हैं, उसमें से एक अपार्टमेंट का ही किराया 20 लाख रुपये हर महीने का है. अन्य दोनों अपार्टमेंट का किराया 9-9 लाख रुपये होगा और इस तरह उन्हें कुल 38 लाख रुपये हर महीने किराये के रूप में मिलेंगे. हर अपार्टमेंट में तीन कार पार्किंग भी मिल रही है. इस तरह कुल मिलाकर 9 कार पार्किंग भी दी जाएगी. यह एग्रीमेंट 48 महीने का किया गया है, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होगा और 31 दिसंबर 2030 तक जाएगा. किराया हर साल 5 फीसदी की दर से बढ़ेगा भी और 38 लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपाजिट भी लिया गया है. इस तरह, सालाना करीब 4.56 करोड़ रुपये किराये के रूप में मिलेंगे.
पाली हिल में भी किराये पर दी है प्रॉपर्टी
आमिर ने साल 2025 में भी पाली हिल में अपने 4 अपार्टमेंट को किराये पर दिया था, जिसका कुल किराया करीब 24.5 लाख हर महीने आता था. यह अपार्टमेंट नर्गिस दत्त रोड पर विल्नोमोना अपार्टमेंट में स्थित है. इस अपार्टमेंट को भी 5 साल की लीज पर दिया गया था, जो मई 2025 से शुरू हुआ और मई 2030 तक जाएगा. इसमें 45 महीने का लॉक इन पीरियड है और 1.46 करोड़ का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी लगा है. इसके अलावा किराये में हर साल 5 फीसदी की बढ़ोतरी भी हो रही है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

