Wednesday, October 28, 2026
Homeफूडआलू पराठा भूल जाएंगे, जब खाएंगे पनीर-सब्जियों से भरपूर ये रेशमी पराठा,...

आलू पराठा भूल जाएंगे, जब खाएंगे पनीर-सब्जियों से भरपूर ये रेशमी पराठा, पोषण से है भरपूर


How To Make Reshmi Paratha at home : सुबह के नाश्ते में गरमागरम पराठे मिल जाएं, तो दिन की शुरुआत ही अच्छी हो जाती है. कभी आलू पराठा, कभी गोभी तो कभी पनीर पराठा, घरों में अक्सर इन्हीं का स्वाद चखने को मिलता है. लेकिन क्या आपने कभी लौकी, आलू और पनीर से बना रेशमी पराठा खाया है? इसका नाम जितना खास है, इसका स्वाद भी उतना ही लाजवाब होता है. इसकी सबसे खास बात है कि इसमें सब्जियों और पनीर को आटे में अलग से भरने के बजाय आटे के साथ मिलाकर नरम आटा तैयार किया जाता है. इससे पराठे का टेक्सचर मुलायम बनता है और सब्जियों का स्वाद भी अच्छी तरह मिल जाता है.
तो अगर बच्चे सब्जियां खाने में आनाकानी करते हैं, तो आप उनके नाश्ते में भी यह रेसिपी ट्राई कर सकती हैं. इसमें गेहूं के आटे, पनीर और कई सब्जियां होती हैं. तो चलिए जानते हैं घर पर रुमाल जैसे मुलायम रेशमी पराठे बनाने का आसान तरीका.

गरमागरम रेशमी पराठों को ताजा दही, हरी मिर्च के अचार या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें.(AI Image)

रेशमी पराठा बनाने के लिए सामग्री-

लौकी – आधा कप,
टुकड़ों में कटी हुई गिलकी – आधा कप,
कद्दू – आधा कप,
कटा हुआ आलू – डेढ़ कप,
कटे हुए पनीर – 100 ग्राम
गेहूं का आटा – डेढ़ कप
काली मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
सौंफ पाउडर – आधा छोटा चम्मच
कुटी हुई कसूरी मेथी – 1 बड़ा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – 50 मिलीलीटर
देसी घी या तेल – पराठे सेंकने के लिए

कैसे बनाएं रेशमी पराठा? नोट करें आसान रेसिपी

पहला स्टेप: सब्जियों को उबाल लें
सबसे पहले लौकी, गिलकी, कद्दू और आलू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें प्रेशर कुकर में डालें. इसमें करीब 50 मिलीलीटर पानी और स्वादानुसार नमक मिलाएं. कुकर बंद करके तीन सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद प्रेशर अपने आप निकलने दें और फिर कुकर खोलें.

दूसरा स्टेप: सब्जियों और पनीर का पेस्ट बनाएं
उबली हुई सब्जियों को थोड़ा ठंडा होने दें. अब इन्हें मिक्सर में डालें और साथ में पनीर भी मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर चिकना पेस्ट बना लें. ध्यान रखें कि आटा गूंथने से पहले इस मिश्रण को कमरे के तापमान तक ठंडा करना जरूरी है.

AI Image

तीसरा स्टेप: तैयार करें नरम आटा
अब एक बड़े बर्तन में सब्जियों और पनीर का पेस्ट निकालें. इसमें गेहूं का आटा, काली मिर्च, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, चाट मसाला, धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर और कसूरी मेथी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर नरम आटा गूंथ लें. सब्जियों में पहले से नमी होने के कारण आमतौर पर अतिरिक्त पानी की जरूरत नहीं पड़ेगी. अगर आटा ज्यादा चिपचिपा लगे, तो थोड़ा सा सूखा आटा मिला सकती हैं.

चौथा स्टेप: बेल लें पराठे
तैयार आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लें. अब चकले पर थोड़ा सूखा आटा छिड़कें और लोई को हल्के हाथों से गोल पराठे की तरह बेल लें. आटा नरम होने के कारण बेलते समय थोड़ा ध्यान रखें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा सूखा आटा इस्तेमाल कर सकती हैं.

पांचवां स्टेप: घी लगाकर सेंक लें
अब तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें और उस पर बेला हुआ पराठा डाल दें. दोनों तरफ से हल्का पकने पर थोड़ा देसी घी या तेल लगाएं. पराठे को पलट-पलटकर तब तक सेंकें, जब तक दोनों तरफ हल्के सुनहरे धब्बे न दिखने लगें और वह अच्छी तरह पक न जाए. इसी तरह बाकी पराठे भी तैयार कर लें.

(Image: Instagram/@sumiscookingcorner_yt)

दही और अचार के साथ करें सर्व
गरमागरम रेशमी पराठों को ताजा दही, हरी मिर्च के अचार या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें. सुबह के नाश्ते के अलावा इन्हें बच्चों के टिफिन या हल्के लंच में भी शामिल किया जा सकता है. सब्जियों और पनीर को एक साथ इस्तेमाल करने का यह तरीका रोज के पराठों में थोड़ा नया स्वाद जोड़ सकता है.

एक छोटी-सी टिप:
अगर आप पराठों को ज्यादा मुलायम रखना चाहती हैं, तो आटा बहुत सख्त न गूंथें और पराठों को तेज आंच पर न सेंकें. साथ ही, सब्जियों में पानी की मात्रा अलग-अलग हो सकती है, इसलिए आटा गूंथते समय जरूरत के हिसाब से सूखा आटा मिलाएं.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments