राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में होगी। इसमें संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी छह सह सरकार्यवाह और अखिल भारतीय स्तर के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ मौजूदा सामाजिक और वैश्विक परिस्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की ओर से 22 अक्टूबर को जारी जानकारी के अनुसार, बैठक मालवा प्रांत के इंदौर में आयोजित की जाएगी। इसमें संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ देशभर के 46 प्रांतों और 11 क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। आयोजन डेली कॉलेज मैदान में होगा। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा संघ की ओर से पिछले एक साल से देशभर में शताब्दी वर्ष के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। हाल ही में विजयादशमी उत्सव के साथ इन कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी हुई है। बैठक में शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विजयादशमी पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उद्बोधन में उठाए गए प्रमुख मुद्दों पर आगे की कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा होगी। नशे की समस्या और डिजिटल कंटेंट पर मंथन बैठक में वर्तमान समय की सामाजिक चुनौतियों और महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा प्रस्तावित है। इनमें नशीली दवाओं की बढ़ती समस्या, नए माध्यमों पर प्रसारित होने वाले कंटेंट, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य जैसे मुद्दे शामिल हैं। इन विषयों पर चर्चा के जरिए संघ की आगामी गतिविधियों और कार्यदिशा से जुड़े पहलुओं पर विचार किया जाएगा। देशभर के पदाधिकारी होंगे शामिल बैठक में संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रांत प्रचारक और उनके सह पदाधिकारी तथा संघ के सभी 11 क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी भी अपेक्षित हैं। तीन दिवसीय बैठक में संघ के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
Source link
इंदौर में 2 नवंबर से RSS की अखिल भारतीय बैठक: डॉ. मोहन भागवत, दत्तात्रेय होसबाले होंगे शामिल; नशे और डिजिटल कंटेंट पर होगी चर्चा – Indore News
RELATED ARTICLES

