मानसून की विदाई के साथ ही उदयपुर में गर्मी बढ़ने लगी है। दिन के तापमान में तेजी आ रही है, वहीं रात में पारा घटने से सर्दी का अहसास होने लगा है। जिले में शनिवार को दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है। शनिवार को तापमान बढ़ने से गर्मी का असर बना रहा। गर्मी का असर इस कदर था कि शनिवार को देवस्थान विभाग की तीर्थ यात्रा रवानगी के समय टेंट में यात्रियों को राहत देने के लिए बड़े कूलर लगाए गए थे। वहां पर यात्रियों को विदाई के दौरान गर्मी ने बहुत परेशान किया था। बाद में यात्री जब अपने कोच में सवार हुए तब उनको एसी से राहत मिली। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार उदयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो शुक्रवार के 35.4 डिग्री के मुकाबले 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 18.6 से बढ़कर 19.1 डिग्री पहुंच गया, यानि रात के तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। मौसम एक्सपर्ट डॉ. आर.एस.देवड़ा ने बताया कि अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि सुबह और रात के समय में सर्दी का प्रभाव धीमे-धीमे बढ़ रहा है।
Source link

