Saturday, August 1, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशउन्नाव में महिला के घर के बाहर फायरिंग VIDEO: पुरानी रंजिश...

उन्नाव में महिला के घर के बाहर फायरिंग VIDEO: पुरानी रंजिश में पांच लोगों पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप – Unnao News


उन्नाव3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में बीती रात एक महिला के घर के बाहर गाली-गलौज और फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला गांधी नगर निवासी दिवंगत शैलेंद्र शुक्ला की पत्नी लक्ष्मी ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि पप्पू शुक्ला और महेश चतुर्वेदी से उनके परिवार की पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश के चलते पप्पू शुक्ला और महेश चतुर्वेदी अपने तीन अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे।

आरोप है कि सभी लोग घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। लक्ष्मी के अनुसार, गाली-गलौज के दौरान आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग भी की, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई फायरिंग से वह और उनका परिवार दहशत में आ गया।

पीड़िता ने बताया कि डर के बावजूद उन्होंने हिम्मत कर घर की खिड़की से मोबाइल फोन के जरिए आरोपियों का वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें गाली-गलौज और हंगामे का दृश्य दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो के चलते यह मामला और भी सुर्खियों में आ गया है।

लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि भविष्य में आरोपी उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग किस पक्ष की ओर से की गई।

वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कोतवाल ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments