Last Updated:
Four Bollywood Films based on Same Story : बॉलीवुड में हर साल अलग-अलग जॉनर की फिल्में बनाई जाती हैं. हर फिल्म की कहानी भी अलग होती है. हर साल हिंदी सिनेमा में करीब 1500 फिल्में बनाई जाती है. फिर भी कई फिल्मों की कहानी हमें एक जैसी लगती है. इसकी वजह यह है कि हॉलीवुड मूवी से इंस्पायर्ड होकर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर फिल्में बना लेते हैं. इन्हीं फिल्मों को अलग-अलग नाम दे देते हैं. यानी फिल्मों का सब्जेक्ट एक जैसा होता है, बस मामूली फेर-बदलकर फिल्म बना लेते हैं. 1990-2000 के दशक में 10 साल के अंतराल में एक ही कहानी पर चार फिल्में बनाई गईं. तीन फिल्में जहां डिजास्टर साबित हुईं, वहीं एक मूवी की शुरुआत बहुत धीमी रही. यही फिल्म सुपरहिट साबित हुई. ये फिल्में कौन सी थीं, आइये जानते हैं………
हॉलीवुड की फिल्मों की पृष्ठभूमि बदलकर बॉलीवुड में दशकों से मूवी बनाई जा रही हैं. 60-70 के दशक की कई हिट फिल्में भी इन्हीं फिल्मों से इंस्पायर्ड होकर बनाई गईं. यह चलन बहुत पुराना है. हॉलीवुड फिल्मों के बैकग्राउंड को भारतीय अंदाज में पेश किया गया. भारतीय परंपराओं-मान्यताओं को फिल्म में जोड़ दिया गया. नागिन-नगीना-कटी पतंग-आराधना, धर्मात्मा जैसी यादगार फिल्मों की कहानी हॉलीवुड से ही इंस्पायर्ड थी. 90 के दशक में चार ऐसी फिल्में बनाई गईं जिनकी कहानी सेम थी. तीन फिल्में फ्लॉप रहीं और सिर्फ एक फिल्म सुपरहिट रही. ये फिल्में थीं : सौदा, जुदाई, कारोबार – द बिजनेस ऑफ लव और सौदा – द डील.

ये चारों फिल्में 1993 में रिलीज हुई अमेरिकन ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘इनडीसेंट प्रपोजल’ से प्रेरित थीं. सबसे पहले फरवरी 1995 को ‘सौदा’ नाम से फिल्म बनाई गई थी. रमेश मोदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विकास भल्ला, नीलम और सुमित सहगल लीड रोल में थे. म्यूजिक आदेश श्रीवास्तव का था लेकिन बहुत ही औसत था. स्क्रीनप्ले रमेश मोदी-शशिराज ने लिखा था. प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाड़े थे जिन्होंने 1991 में साजन फिल्म बनाई थी. ‘सौदा’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही.

इसी कहानी पर बॉलीवुड सुपर स्टार ऋतिक रोशन के पिता राकेश रोशन ने ‘कारोबार : द बिजनेस ऑफ लव’ नाम से फिल्म बनाई. यह फिल्म भी हॉलीवुड मोवी ‘इनडीसेंट प्रपोज’ का एक तरह से अनाधिकारिक रीमेक थी. पहले इस फिल्म का टाइटल ‘कोई जीता कोई हारा’ था जिसे बदलकर ‘कारोबार’ किया गया. मूवी 15 सितंबर 2000 को रिलीज हुई. इसी साल ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ आई थी. ‘कारोबार’ पूरे 7 साल डिले थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ऋषि कपूर-अनिल कपूर और जूही चावला लीड रोल में थे. गीतकार जावेद अख्तर थे. म्यूजिक राजेश रोशन का था. इस फिल्म के बाद ऋषि कपूर ने रिटायरमेंट ले लिया था. जूही चावला ने कोरियाग्राफर चिनी प्रकाश पर जबरन गंदे तरीके से टच करने का आरोप भी लगाया था. 6 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ 2.7 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी. यह एक डिजास्टर फिल्म साबित हुई थी. दूसरी ओर राकेश रोशन के निर्देशन में बनी ‘कहो ना प्यार है’ 2000 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी.

30 सितंबर 2005 में सेम स्टोरी लाइन पर एक और फिल्म ‘सौदा – द डील’ बनी जिसमें अनिल कपूर के छोटे भाई संजय कपूर, आर्यन वैद्य, सुमन रंगनाथन और प्रीति झिंगयानी नजर आए थे. डायरेक्टर-प्रोड्यूसर जय प्रकाश शॉ थे. म्यूजिक आनंद मिलिंद, समीर टंडन का था. गीतकार संदीप नाथ और प्रवीण भारद्वाज थे. स्क्रीनप्ले मिराक मिर्जा ने लिखा था. ढाई करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ 1.6 करोड़ का कलेक्शन कर पाई थी. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म डिजास्टर साबित हुई.

हॉलीवुड फिल्म ‘इनडीसेंट प्रपोजल’ पर बनीं ज्यादातार हिंदी फिल्में फ्लॉप रहीं. मजेदार बात यह भी है कि ‘इनडीसेंट प्रपोजल’, ‘सौदा’ और ‘कारोबार’ फिल्म में एक लड़की और दो लड़के की कहानी दिखाई गई थी. तेलुगू प्रोड्यूसर कृष्ण रेड्डी ने इस फिल्म की कहानी को पूरी तरह उलट दिया. उन्होंने अपने स्टाइल में तेलुगू फिल्म ‘शुभलगनम’ बनाई. शुभलगनम में दो लड़की और एक लड़के की कहानी दिखाई जाती है. एक लड़की पैसे के लिए अपने पति को बेच देती है. कृष्ण रेड्डी की फिल्म 120 दिन तक सिनेमाघरों में चलती रही थी.

कृष्णा रेड्डी ने हिंदी में ‘जुदाई’ नाम से फिल्म बनाई. अनिल कपूर-श्री देवी और उर्मिला मातोंडकर स्टारर ‘जुदाई’ फिल्म 28 फरवरी 1997 को रिलीज हुई थी. राज कंवर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को अनिल कपूर के पिता सुरेंद्र कपूर और भाई बोनी कपूर ने प्रोड्यूस किया था. म्यूजिक नदीम-श्रवण का था. गीत समीर ने लिखे थे. फिल्म का सबसे हिट सॉन्ग ‘मुझे एक पल चैन ना आए, सजना तेरे बिना…जुदाई है जुदाई, हो रब्बा आई ना जुदाई’ था. नदीम श्रवण पाकिस्तानी सिंगर नुसरत फतेह अली खान की कव्वाली ‘सानू एक पल चैन ना आए’ से इस गाने की धुन कॉपी की थी. फिल्म का एक और सॉन्ग ‘हां मुझे प्यार हुआ, प्यार हुआ अल्लाह मियां’ भी बहुत पॉप्युलर हुआ था.

‘जुदाई’ फिल्म का जब गाना ‘मुझे एक पल चैन ना आए’ सुपर साउंड स्टूडियो में रिकॉर्ड हो रहा था, तब प्रोड्यूसर बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर बिल्डिंग की सीढ़ियों पर बैठकर रो रही थीं. उन्हें बोनी कपूर और श्रीदेवी के अफेयर का पता चला था. यह किस्सा हाल ही में प्लेबैक सिंगर जसपिंदर नरूला ने सुनाया था. जुदाई अनिल कपूर- श्री देवी की लास्ट फिल्म थी. इसके बाद दोनों ने साथ में कभी भी काम नहीं किया. श्रीदेवी ने इस फिल्म के बाद रिटायरमेंट ले लिया था. इस फिल्म की शूटिंग के दौरान श्रीदेवी प्रेग्नेंट थीं. यह एकमात्र फिल्म है जिसमें उर्मिला मातोंडकर-अनिल कपूर साथ में पर्दे पर नजर आए.

‘जुदाई’ फिल्म को लो ओपनिंग मिली थी और माना जा रहा था कि फिल्म फ्लॉप हो जाएगी. पूरे एक हफ्ते के बाद फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और सुपरहिट साबित हुई. अनिल कपूर ने यह फिल्म सिर्फ अपने पिता के दबाव में की थी. करीब 6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 28 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी.

