टोंक शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में जिला स्पेशल टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक लाख रुपए कीमत का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने कंपू इलाके में घेराबंदी कर 26 साल के आरोपी किशन माली को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.880 किलो अवैध गांजा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपी आसपास के लोगों को गांजा सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपू इलाके में की गई घेराबंदी यह कार्रवाई महिला अनुसंधान अधिकारी एएसपी कमल प्रसाद के निर्देशन और टोंक डीएसपी मृत्युजंय मिश्रा के सुपरविजन में की गई। जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश और कोतवाल भंवरलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने कोतवाली क्षेत्र के कंपू इलाके में कार्रवाई की। मुखबिर और तकनीकी सूचना से पकड़ा आरोपी पुलिस टीम को मुखबिर और तकनीकी माध्यम से सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध मादक पदार्थ लेकर सप्लाई के लिए जा रहा है। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी किशन पुत्र रामावतार माली निवासी नैन सुख की बगिया, शंकर चौराहा को रास्ते से पकड़ लिया। चेकिंग में मिला गांजा और इलेक्ट्रॉनिक कांटा पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 1.880 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन भी मिला। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त कर लिया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
Source link

