Last Updated:
Raw Banana Kofta Recipe: केला ऐसा फल है कि इसे कच्चे और पके दोनों रूप में लोग खाते हैं. पका केला लोग फल के रूप में खाते हैं वहीं कच्चे केले की लोग सब्जी खाते हैं. अगर आपने आज तक कच्चे केले की सब्जी नहीं खाई है तो एक बार तो इसका स्वाद ले ही सकते हैं. कच्चे केले से बेहतरीन मसालेदार कोफ्ता सब्जी तैयार होती है. तो फिर देर किस बात की. पहले केले के कोफ्ते वाली सब्जी बनाने की बेहतरीन रेसिपी जान लीजिए और फिर केला लाकर बना डालिए बेहतरीन सब्जी. कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने कच्चे केले के कोफ्ते की आसान रेसिपी साझा की है. इसी रेसिपी के आधार पर आप घर पर खुद से केले की सब्जी बना सकते हैं और अपने भोजन का स्वाद बदल सकते हैं.
राधिका ने बताया कि सबसे पहले कच्चे केले को काटकर अच्छी तरह उबाल लें. केले के नरम हो जाने के बाद उसे ठंडा करें और फिर छिलका उतारकर केले को एक बर्तन में रख लें. अब उबले हुए केले को अच्छी तरह मैश करें. इसमें करीब दो से तीन चम्मच बेसन डालें. इसके बाद स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर, गोलकी पाउडर और थोड़ा सा बेकिंग सोडा डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें. इस तरह कोफ्ते बनाने के लिए मिश्रण तैयार हो जाएगा.
उन्होंने बताया कि अब तैयार मिश्रण की छोटी-छोटी लोई बनाकर उन्हें कोफ्ते का आकार दें. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार कोफ्तों को डालकर अच्छी तरह सुनहरा होने तक तलें. कोफ्ते जब बाहर से कुरकुरे और सुनहरे हो जाएं. तो उन्हें तेल से निकालकर अलग बर्तन में रख दें. कोफ्ता तैयार होने के बाद इसकी स्वादिष्ट ग्रेवी बनाने की बारी आती है.
इसके लिए प्याज और टमाटर काटकर रख लें. साथ ही अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और प्याज को मिलाकर एक महीन पेस्ट तैयार कर लें. अब कड़ाही गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद तेज पत्ता और प्याज डालकर उसे सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद तैयार अदरक-लहसुन और मिर्च का पेस्ट डालें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने बताया कि ग्रेवी में स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, गोलकी पाउडर, जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें. मसाले को अच्छी तरह भूनें और करीब पांच मिनट तक पकाएं, जब तक मसाला तेल छोड़ने न लगे. इसके बाद इसमें थोड़ा पानी डालें और ग्रेवी को अच्छी तरह पकने दें. जब पानी में दो-तीन उबाल आ जाएं, तब इसमें पहले से तैयार किए हुए केले के कोफ्ते डाल दें.
उन्होंने बताया कि कोफ्तों को ग्रेवी में करीब 5 से 7 मिनट तक पकने दें. ताकि मसालों का स्वाद कोफ्तों के अंदर तक अच्छी तरह पहुंच जाए. इसके बाद गैस बंद कर दें. गरमा-गरम कच्चे केले के कोफ्ते को रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है. साधारण कच्चे केले को इस तरह स्वादिष्ट कोफ्ते में बदलकर आप घर के खाने में एक नया स्वाद जोड़ सकते हैं.

