किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में स्थित रेलवे गेट संख्या SK-313 और SK-314 पर रोड ओवर ब्रिज या सब-वे निर्माण की मांग की।
.
सांसद ने एक पत्र सौंपकर क्षेत्र की यातायात और सामरिक समस्याओं को रेखांकित किया। साथ ही गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के मार्ग विस्तार का प्रस्ताव भी रखा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करते किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद।
किशनगंज शहर को दो हिस्सों में बांटते दोनों रेलवे गेट
डॉ. जावेद ने बताया कि ये दोनों रेलवे गेट किशनगंज शहर को दो हिस्सों में बांटते हैं। पश्चिम दिशा में मुख्य बाजार है। पूर्व दिशा में शहर की आधी आबादी, मेडिकल कॉलेज और कई नर्सिंग होम स्थित हैं। यह क्षेत्र सामरिक और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह बांग्लादेश सीमा और उत्तर दिनाजपुर से जुड़ा एक अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग है।
गुजरती हैं 200 यात्री और मालवाहक ट्रेनें
किशनगंज रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब 200 यात्री और मालवाहक ट्रेनें गुजरती हैं। इसके कारण ये गेट अधिकांश समय बंद रहते हैं। इससे सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर भारी जाम की स्थिति रहती है। आपातकालीन परिस्थितियों में एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इससे स्वास्थ्य, व्यापार और शिक्षा क्षेत्र में समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
ROB या सब-वे निर्माण की तत्काल आवश्यकता
सांसद ने चेतावनी दी कि रेलवे द्वारा इन गेटों को स्थायी रूप से बंद करने की बात समय-समय पर उठती रही है। इससे भविष्य में यातायात संकट और गहरा सकता है।
डॉ. जावेद ने रेल मंत्री से इन रेलवे गेटों पर ROB या सब-वे निर्माण की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह निर्माण यातायात को सुगम बनाएगा और क्षेत्र की सामरिक और आर्थिक प्रगति में भी योगदान देगा। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

