कोटा शहर के खेड़ली फाटक इलाके में गोवर्धन पूजा पर 125 किलो गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमा तैयार की गई। परिवार के सदस्यों ने करीब 7 घंटे की मेहनत से प्रतिमा बनाई। इसके बाद भगवान का सोने-चांदी के आभूषणों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान गोवर्धन को 11 क्विंटल का 56 भोग लगाया। इसे तैयार करने के लिए जतिपुरा (गोवर्धन) से लोगों को बुलाया गया। साथ ही अन्नकूट प्रसादी भी तैयार की गई। 45 साल से चल रहा सिलसिला पूर्व पार्षद नंदकिशोर शर्मा उर्फ नंदू हर साल गोवर्धन पूजा पर यह आयोजन करते हैं। ये सिलसिला 45 साल से चला आ रहा है। इसके लिए परिवार करीब 15 दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर देता है। गोबर की व्यवस्था के लिए पहले से ही पशुपालकों से संपर्क किया जाता है। पूजा के दिन शुभ मुहूर्त के अनुसार टंकियों में गोबर भरकर लाया जाता है। इसके बाद परिवार के सदस्य मिलकर करीब 7-8 घंटों की मेहनत से गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमा तैयार करते हैं, जिसके बाद प्रतिमा को पोशाक पहनाकर आभूषणों से सजाया जाता है। गोवर्धन से मंगवाई भगवान की खास पोशाक नंदू ने बताया- भगवान गोवर्धन के लिए विशेष पोशाक गोवर्धन से मंगवाई गई है। प्रतिमा का सोने की आड़ और नथ से श्रृंगार किया गया। वहीं चांदी का मुकुट, छड़ी, बांसुरी, कानों में कुंडल, हार और हाथ-पैरों में चांदी के कड़े पहनाए गए। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजी प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। देसी घी से तैयार किया अन्नकूट गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट प्रसादी भी तैयार की जाती है। इसके लिए कई लोग अपनी इच्छानुसार आर्थिक सहयोग देते हैं, जबकि कुछ लोग खाद्य सामग्री लेकर पहुंचते हैं। अन्नकूट प्रसादी देसी घी में बनाया गया। शाम को पूजा और आरती के बाद भक्तों को प्रसादी बांटी गई। प्रसादी लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक वितरण का सिलसिला चलता रहा। अन्नकूट में मिक्स सब्जी, पूड़ी, खीर, कड़ी, बाजरा, चावल सहित अन्य आइटम बनाए हैं।
Source link

