भिंड जिले के गोहद से ग्वालियर के मुरार इलाके में आ रही एक बारात की खुशियां रविवार शाम मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठे 50 वर्षीय एक बाराती की स्पीड ब्रेकर पर उछाल लगने से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि कोई उसे बचा पाता, ट्रैक्टर का पहिया उसके सिर और सीने के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी इलाके में रियल होटल के सामने हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। बाद में घेराबंदी कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया। बारातियों ने रोका, फिर भी नहीं मानी चालक ने बात मुरार थाना पुलिस के अनुसार, भिंड जिले के गोहद थाना क्षेत्र के ग्राम अगनूपुरा से रविवार को एक बारात मुरार के जड़ेरुआ बंधा आ रही थी। गांव के 50 वर्षीय कमलेश पुत्र माधौसिंह जाटव भी बारात में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर के पिछले पहिए के ऊपर बने मडगार्ड पर बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक सुनील ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। ट्रैक्टर में बैठे अन्य बारातियों ने कई बार उसे धीमे चलाने की समझाइश दी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी और वाहन को तेज गति से दौड़ाता रहा। स्पीड ब्रेकर पर उछला ट्रैक्टर, नीचे गिरे कमलेश जब बारात का ट्रैक्टर खुरैरी स्थित रियल होटल के सामने पहुंचा तो वहां बने स्पीड ब्रेकर पर तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर उछल गया। झटके से मडगार्ड पर बैठे कमलेश जाटव संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके सिर और छाती के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे की शिकायत पर कार्रवाई मृतक के बेटे विकास जाटव की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद आरोपी चालक की तलाश शुरू की गई। प्रधान आरक्षक नरवीर सिंह राणा ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर गांव में दबिश दी और आरोपी चालक सुनील को गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। थाना प्रभारी ने क्या कहा मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने के कारण बारात में शामिल एक व्यक्ति की गिरकर मौत हो गई। मृतक के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है।
Source link
ग्वालियर में बारात की खुशियां मातम में बदलीं: स्पीड ब्रेकर पर उछलकर ट्रैक्टर के नीचे गिरा अधेड़, पहिया सिर के ऊपर से निकला, मौत – Gwalior News
RELATED ARTICLES

