Saturday, June 13, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशचप्पल खरीदने के पैसे नहीं थे, 5 साल में करोड़पति: यूपी...

चप्पल खरीदने के पैसे नहीं थे, 5 साल में करोड़पति: यूपी की शिवानी ने वीडियो बनाया तो मां ने चाकू मारा; अब मिलियन व्यूज – Auraiya News


‘मैंने वीडियो बनाना शुरू किया तो गांव के लोग कहते पिता और भाई नहीं हैं, अब नाक कटवाएगी। मम्मी ने यह सब सुनकर कहा- वीडियो मत बनाओ। मैंने कुछ दिन बाद एक वीडियो बनाया, मेरी मम्मी ने मेरे पेट में चाकू मार दिया। मेरे बाल उखाड़े और घर छोड़कर चली गई। स्टेशन

.

ये दर्द यू-ट्यूबर शिवानी कुमारी के हैं और यह घटना 5 साल पहले की है। उनका वीडियो बनाना तब किसी को पसंद नहीं था। लेकिन 5 साल बाद अब स्थिति बदल गई। जो लोग ताना मारते थे, अब साथ फोटो खिंचवाते हैं। न सिर्फ आसपास, बल्कि दुनिया के दूसरे देशों तक नाम पहुंच गया। यूट्यूब पर शिवानी को 100 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। 34 लाख फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम पर 72 लाख फॉलोअर हैं। दर्जनों ऐसे वीडियो हैं, जिनको 5-5 करोड़ लोगों ने देखा है।

शिवानी सोशल मीडिया के अलावा कई एलबम और बिग बॉस शो में भी नजर आ चुकी हैं।

जिस शिवानी के पास एक समय चप्पल खरीदने के पैसे नहीं थे, वह आज करोड़पति है। यह सब कैसे हुआ? कहां जन्म हुआ, क्या परिस्थिति थी, कैसे हलो फ्रैंडा शब्द वायरल हो गया? ऐसे ही तमाम सवालों के साथ भास्कर की टीम शिवानी कुमारी से मिली और बात की। आइए शिवानी के जीवन को करीब से समझते हैं…

पैदा हुई तो घर में मातम छा गया यूपी में एक जिला है औरैया। साल 1997 में इटावा जिले को तोड़कर इसे बनाया गया था। इसी जिले के एक गांव अरियारी में 2003 में मजदूर राम सनेही की पत्नी उर्मिला ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म होते ही घर में मातम छा गया। क्योंकि उर्मिला की तीन और बेटियां थीं, सबको उम्मीद थी कि इस बार बेटा होगा, जो परिवार को आगे बढ़ाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बच्ची का नाम रखा गया शिवानी कुमारी। शिवानी जब 15 दिन की थी तो उर्मिला ने उसे भैंस का गाढ़ा दूध पिला दिया। शिवानी मरते-मरते बची।

शिवानी और उनकी मां। ये तस्वीर उनके बिग बॉस में जाने के दौरान की है।

शिवानी और उनकी मां। ये तस्वीर उनके बिग बॉस में जाने के दौरान की है।

हमने शिवानी से पूछा- क्या मां आपको मारना चाहती थीं? शिवानी कहती हैं, मारना तो नहीं, लेकिन बचाना भी नहीं चाहती थीं। वह सोचती थीं कि क्या ही करेंगे इसका। तीन बेटियां तो पहले से ही हैं। बदकिस्मती से हम पैदा हुए और फिर उसी हिसाब से पालन-पोषण हुआ। 1 साल की थी, तभी पापा की मौत हो गई। मम्मी को लगा कि ये तो अपशगुन है, पापा को भी खा गई। जैसे-तैसे बड़े हुए और प्राइमरी स्कूल में पढ़ने जाने लगे।

शिवानी की ये तस्वीर भी उनके सबसे ज्यादा कमाई करने वाले वीडियो से ली गई है।

शिवानी की ये तस्वीर भी उनके सबसे ज्यादा कमाई करने वाले वीडियो से ली गई है।

घर चलाने के लिए हम सभी मजदूरी करते थे शिवानी से हमने पूछा- आप अपने परिवार के बारे में बताइए। वह कहती हैं, मेरे से बड़ी तीन और बहने हैं। पहली दीदी ने तो कुछ पढ़ाई की, लेकिन बाकी की दोनों बहनें कभी स्कूल नहीं गईं। सभी दूसरे के खेतों में काम करतीं या फिर कुछ और मजदूरी करती थीं। मम्मी भी यही करतीं और पैसा जोड़कर किसी तरह से तीनों बहनों की शादी कर दी। जिसके पिता या फिर कोई भाई न हो तो उसपर गांव के लोग गलत नजर डालते हैं।

शिवानी की ये तस्वीर उनके पहले वीडियो से ली गई है। उनका पहला वीडियो साल 2018 में आया था।

शिवानी की ये तस्वीर उनके पहले वीडियो से ली गई है। उनका पहला वीडियो साल 2018 में आया था।

पहली बार वीडियो कब बनाया? इस सवाल के जवाब में वह कहती हैं, 2018 की बात है, मेरी बड़ी दीदी और उनके बच्चे भी घर पर ही थे। परिवार में किसी के पास चप्पल नहीं थी। मैंने मजदूरी करके 150 रुपए जुटाए थे, परिवार के बच्चों को लेकर बाजार गई और वहां घर के लिए 5 जोड़ी चप्पल लेकर आई। वह बहुत खुशी का दिन था, इसलिए मैंने फोन निकाला और एक वीडियो बनाने लगी, उस वीडियो में मैं ‘हेलो फ्रेंड’ कहना चाहती थी, लेकिन गलती से हलो फ्रैंडा हो गया, वीडियो को उस वक्त टिकटॉक पर डाल दिया। वह वीडियो बहुत वायरल हो गया।

वीडियो बनाने लगी तो मां ने चाकू मार दिया शिवानी का हलो फ्रैंडा वाला वीडियो वायरल हुआ तो अगले दिन कई लड़के पहुंच गए। उर्मिला देवी को अजीब लगा तो उन्होंने पूछा। लड़कों ने कहा कि हमको शिवानी के साथ फोटो लेना है। इस बात से उर्मिला भड़क गईं। क्योंकि गांव के लोग भी कहने लगे कि यह लड़की हाथ से निकल गई। शिवानी बाहर आई तो देखकर चौक गई, क्योंकि उन्होंने आज तक देखा था कि लोग हीरो-हिरोइन के साथ ही फोटो खिंचवाते हैं, आज उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए आ गए।

शिवानी ब्लॉगिंग के साथ-साथ इंस्टा पर वायरल गानों पर रील भी बनाती हैं।

शिवानी ब्लॉगिंग के साथ-साथ इंस्टा पर वायरल गानों पर रील भी बनाती हैं।

शिवानी कहती हैं कि मैंने कुछ और वीडियो बनाए। लेकिन इन वीडियो को लेकर गांव के लोग उल्टा-सीधा कहने लगे। मां भी नहीं चाहती थी कि मैं वीडियो बनाऊं। एक बार तो घर में बहुत हंगामा हो गया। मां ने चाकू मेरे पेट में मार दिया। मेरे बाल उखाड़ दिए। घर में बड़ी बहन थी तो उन्होंने जैसे-तैसे मुझे मां से बचाया था। इसके बाद वह घर छोड़कर चली गईं और औरैया में स्टेशन पर रहने लगी। मैं और मेरे परिवार का ही भाई गोरेलाल बुलाने गए, लेकिन मां आने को तैयार नहीं होतीं। कहती थीं कि अगर ये वीडियो बनाएगी तो यही रहे। करीब 12 दिन बाद वह किसी तरह घर वापस लौटीं।

टिक-टॉक बैन हुआ तो लगा सब खत्म 2018 से 2020 तक शिवानी ने टिक-टॉक पर वीडियो बनाए। 29 जून 2020 को सरकार ने चीनी ऐप टिक-टॉक को भारत में बैन कर दिया। शिवानी के उस वक्त 5 मिलियन फॉलोअर थे। इस प्लेटफॉर्म से शिवानी को कोई पैसा नहीं मिला था। शिवानी कहती हैं, टिक-टॉक बंद हुआ तो बहुत बुरा लगा, उस वक्त तो समझ ही नहीं आया कि अब क्या करें, ऐसा लग रहा था कि सब खत्म हो गया। सोशल मीडिया के बारे में बहुत जानकारी नहीं थी, यह भी नहीं पता था कि यहां से पैसा आता है।

7 जुलाई 2020 को शिवानी ने यूट्यूब पर शिवानी कुमारी ऑफिशियल के नाम से चैनल बना लिया। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी इसी नाम से अकाउंट बनाया। वीडियो बनाना शुरू किया। टिक-टॉक वाले फॉलोअर्स अब इन प्लेटफॉर्म पर आकर देखने लगे। शिवानी के फॉलोअर तेजी से बढ़ने लगे। यूट्यूब-इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके इस अकाउंट को बनाने और फिर उसे मैनेज करने में अभिषेक और अंशुल ने मदद की थी। शिवानी कहती हैं कि अभिषेक ने ही बताया कि यहां से पैसा कमाया जा सकता है।

शिवानी की ये तस्वीर बिग बॉस शो के दौरान की है।

शिवानी की ये तस्वीर बिग बॉस शो के दौरान की है।

‘एक वीडियो से 2 लाख रुपए आया’

शिवानी ने यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू किया, कुछ ही दिन में चैनल मोनेटाइज हो गया। पहली कमाई 20 हजार रुपए रही।

शिवानी कहती हैं, ‘अभिषेक वह पैसा लेकर आए और मेरी मां के हाथ में रख दिया। मां खुश हो गईं। हालांकि उसमें मुझे एक रुपया भी नहीं दिया। मैं कहती रही कि 500 ही दे दो, लेकिन उन्होंने नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने वीडियो बनाने से नहीं रोका, लेकिन खुद वह वीडियो में नहीं आती थीं। कहती थी मेरा वीडियो मत बनाओ।’

शिवानी की इस वीडियो से सबसे ज्यादा कमाई हुई थी। जिसके बाद वो रातोंरात सोशल मीडिया पर छा गई थीं।

शिवानी की इस वीडियो से सबसे ज्यादा कमाई हुई थी। जिसके बाद वो रातोंरात सोशल मीडिया पर छा गई थीं।

शिवानी से हमने पूछा- आपको सबसे ज्यादा पैसा किस वीडियो पर मिला? वह कहती हैं, ‘8 नवंबर 2020 को एक वीडियो बनाया था, वह वीडियो मेरी अनसुनी कहानी को लेकर था। उसे डेढ़ करोड़ लोगों ने देखा। उस पर मुझे डेढ़ से दो लाख रुपए मिले थे। यह किसी एक वीडियो से मेरी सबसे ज्यादा कमाई थी। इसके अलावा कई वीडियो 50 लाख से 1 करोड़ के बीच लोगों ने देखा, उस पर भी कमाई हो रही। अभी तो हर वीडियो 10 लाख से ज्यादा ही व्यूज रहता है। एक वीडियो से एक एसी खरीदने का पैसा आ जाता है।’

विदेश से आए अमेरिकी इन्फ्लुएंसर के साथ शिवानी ने बनाई रील।

विदेश से आए अमेरिकी इन्फ्लुएंसर के साथ शिवानी ने बनाई रील।

5 साल में करोड़पति बनीं, विदेशी मिलने आते हैं शिवानी के इस वक्त इंस्टाग्राम पर 72 लाख फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर 26 लाख और यूट्यूब पर 34 लाख सब्सक्राइबर हैं। इंस्टाग्राम पर दर्जनों वीडियो ऐसे हैं जिन पर 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज हैं। ‘आंगना में स्विमिंग पूल’ गाने की एक रील पर तो 7 करोड़ से ज्यादा व्यूज हैं। इसी तरह से फेसबुक पर उनके ज्यादातर वीडियो पर 10 लाख से ज्यादा व्यूज हैं, कई वीडियो तो 1 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा है।

शिवानी अपने चैनल्स पर एकदम देसी अंदाज में वीडियो बनाती हैं।

शिवानी अपने चैनल्स पर एकदम देसी अंदाज में वीडियो बनाती हैं।

शिवानी को फेसबुक और यूट्यूब से पैसे मिलते हैं। वह 2024 में बिग बॉस ओटीटी सीजन-3 में भी जा चुकी हैं। हमने पूछा- जिस शिवानी के पास 5 साल पहले चप्पल खरीदने के पैसे नहीं थे क्या वह अब करोड़पति बन गई हैं? शिवानी पहले हंसते हुए लखपति कहती हैं और कुछ देर बाद कहती हैं कि हां करोड़पति भी कह सकते हैं।

शिवानी से मिलने जुलाई महीने में अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मर्विन अची आए थे।

शिवानी से मिलने जुलाई महीने में अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मर्विन अची आए थे।

शिवानी की लोकप्रियता अब ऐसी है कि उनसे मिलने विदेशों से भी लोग आने लगे हैं। जुलाई महीने में अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मर्विन अची मिलने आए थे। शिवानी के साथ उसने कई वीडियो बनाए। एक वीडियो में शिवानी मर्विन अची को अपने हाथों से खाना खिलाती नजर आईं। इस वीडियो को लेकर वह कहती हैं, हमने मर्विन अची के सामने भारतीय खाना बनाकर रख दिया। वह रोटी उठाकर अकेले ही खाने लगे। तब मैंने उन्हें हाथों से खिलाया। वह अपने देश जाएंगे तो यह बताएंगे कि भारत में अतिथियों का कैसे स्वागत होता है।

आखिर में शिवानी से हमने पूछा कि आगे क्या करने का इरादा है? शिवानी कहती हैं, हम एक एनजीओ खोलना चाहते हैं, क्योंकि डायरेक्ट मदद हम कितनों की ही कर पाएंगे। हम एनजीओ के जरिए किसी गरीब व्यक्ति की बेटी की शादी, किसी का घर बनवा सकेंगे। जब और ज्यादा पैसा हो जाएगा तो हम गांव में ही एक स्कूल खोलेंगे।

—————————–

ये खबर भी पढ़ें…

यूपी में जुलाई में 7% कम बारिश:बुंदेलखंड में सबसे ज्यादा बरसात, जानिए अगस्त में कैसा रहेगा मानसून

यूपी में मानसून का आधा सीजन बीत चुका है, लेकिन अब तक राज्य में सामान्य से करीब 7% कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, जुलाई के अंतिम वीक में मानसून दोबारा सक्रिय हुआ है। इससे बारिश की स्थिति कुछ बेहतर हुई है। 30 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 327 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि तक 350.9 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। अभी पूरे प्रदेश में मानसून की क्या स्थिति है? अगस्त में मानसून का यूपी में क्या हाल रहेगा? किन-किन जिलों में अब तक औसत से कम और अधिक बारिश हुई है? पढ़िए पूरी खबर…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments