राजधानी जयपुर के खानिया बंधा इलाके में मंगलवार देर रात फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें करीब 3 से 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद एक दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने 22 फेरे लगाकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गोदाम मालिक के परिजनों के मुताबिक, आग से करीब 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। रात 10:30 बजे मिली आग की सूचना खोहनागोरियान थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में चंद्रमहल गार्डन के पीछे स्थित फर्नीचर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को लगाया गया। आग बुझाने के दौरान इलाके की बिजली सप्लाई भी काट दी गई। दमकलकर्मी देर रात तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे। अंकिता फर्नीचर के गोदाम में रखा कच्चा माल जला गोदाम मालिक राजेश अग्रवाल के भाई अनिल अग्रवाल ने बताया कि राजापार्क में उनकी अंकिता फर्नीचर के नाम से दुकान है और खानिया बंधा इलाके में गोदाम है। गोदाम में फर्नीचर बनाने का कच्चा माल रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से पूरा माल जलकर राख हो गया। उन्होंने करीब 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की बात कही। अनिल अग्रवाल के अनुसार, गोदाम में मजदूर दिन के समय काम करते हैं और काम खत्म होने के बाद चले जाते हैं। देर रात आग लगने के समय गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। पास के होटल को कराया खाली, ट्रांसफार्मर भी था नजदीक फर्नीचर गोदाम के पास ही एक होटल स्थित है। आग लगने के समय होटल में 6 से 7 कर्मचारी और 8 से 10 अन्य लोग मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही होटल को खाली करा दिया गया। गोदाम के पिछले हिस्से में भी आग फैल गई थी। इसी तरफ होटल के पीछे बिजली का ट्रांसफार्मर भी मौजूद था। ऐसे में आग के आसपास फैलने से खतरा बढ़ गया था। आग लगने के कारणों की जांच जारी पुलिस के अनुसार, करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
Source link

