जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक कलेक्ट्रेट परिसर में हुई।
जिला कलेक्टर एवं मिशन अध्यक्ष कमल राम मीना की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में हुई। यह वर्ष 2025 की सातवीं बैठक थी, जिसमें जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई।
.
बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति, आगामी लक्ष्यों और पूर्व कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो और कार्यों की गुणवत्ता में कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने ‘हर घर जल’ लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए विभागों के बीच आपसी समन्वय पर जोर दिया।
अधीक्षण अभियंता संपतलाल जीनगर ने मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 220 मीटर रोड रेस्टोरेशन का कार्य पूरा हो चुका है। जवाजा क्षेत्र में 8 आंगनबाड़ी केंद्रों और 9 विद्यालयों को जल कनेक्शन दिए गए हैं। मसूदा क्षेत्र में 150 परिवारों को जल जीवन मिशन से जोड़ने के लिए 420 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का कार्यादेश जारी कर कार्य शुरू कर दिया गया है।
बैठक में हाउसहोल्ड कनेक्शन की प्रगति, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जल कनेक्शन की स्थिति की समीक्षा की गई। पिछली बैठक की कार्यवाही की अनुपालना पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2024-25 के लिए घर-घर जल आपूर्ति के लक्ष्य और अब तक की प्रगति पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने पंद्रहवें वित्त आयोग और मनरेगा से प्राप्त निधियों का प्रभावी उपयोग कर विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों में जल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने इंप्लीमेंटेशन सपोर्ट एजेंसी (ISA) की प्रगति रिपोर्ट पर भी विचार किया और ग्रामीण जल योजनाओं के संचालन व रखरखाव के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसीईओ गोपाल लाल, अधीक्षण अभियंता संपतलाल जीनगर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

