Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Jensen Huang Controversy : चीन की महिला के साथ अफेयर सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने एनवीडिया से इस्तीफा दे दिया है. भले ही वे कंपनी से चले गए हैं, लेकिन उनकी ‘इश्कबाजी’ के खुलासे हर दिन हो रहे हैं. अब पता चला है कि एलिस हुवांग और किम्बर्ली पॉवेल के अलावा जेनसन के एक और महिला के साथ भी निजी संबंध थे. यह महिला एनवीडिया की कर्मचारी बताई जा रही है.
एलिस हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल के साथ जेनसन हुआंग का रिश्ता सार्वजनिक हो चुका है, जबकि तीसरी महिला का नाम अभी सामने नहीं आया है.
नई दिल्ली. दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ और को-फाउंडर जेनसन हुआंग ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफे के बाद अब उनकी रंगीन मिजाजी के नए-नए किस्से सामने आ रहे हैं. पहले सामने आया था कि 63 साल के हुआंग की सिंगापुर की कंपनी मेगस्पीड की अधिकारी एलिस हुआंग के साथ निजी संबंध हैं. एलिस के तार चीन की जासूसी एजेंसी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं. इसके बाद जेनसन के किम्बर्ली पॉवेल (Kimberly Powell) से अफेयर का खुलासा हुआ. किम्बर्ली एनवीडिया में ही वरिष्ठ पद पर रही हैं. अब रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि जेनसन हुआंग के एनवीडिया की ही एक और कर्मचारी के साथ भी संबंध रहे हैं.
रॉयटर्स ने इस पूरे मामले से वाकिफ दो सूत्रों के हवाले से यह यह जानकारी दी है. जेनसन हुआंग की इन तीनों ‘गर्लफ्रेंड्स’ में से एलिस हुआंग सबसे विवादित हैं और उन्ही की वजह से ही एनवीडिया के को-फाउंडर की नौकरी गई है. एलिस हुआंग का मामला इसलिए सबसे ज्यादा गंभीर हो गया क्योंकि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस चीन के लिए जासूसी करती हैं.वहीं, किम्बर्ली एनवीडिया में ही हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट रही हैं. अमेरिकी मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, कंपनी के पूर्व कर्मचारियों को भी इस रिश्ते की भनक थी. दावा किया जा रहा है कि मार्च में सैन जोस में हुए एनवीडिया के जीटीसी समिट में दोनों को एक होटल में बेहद करीब देखा गया.
4 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी में नेतृत्व का संकट
साल 1993 में स्थापित एनवीडिया को एक सामान्य गेमिंग ग्राफिक्स कार्ड कंपनी से करीब 4 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन वाली दिग्गज एआई कंपनी बनाने में जेनसन हुआंग का बड़ा हाथ रहा है. जेनसन तीन दशक से ज्यादा समय तक एनवीडिया के सर्वेसर्वा रहे हैं.
किम्बर्ली पॉवेल एनवीडिया में हेल्थकेयर की वाइस प्रेसीडेंट है. (File Photo : Reuters)
कोलेट क्रेस बनीं अंतरिम CEO
जेन्सेन हुआंग की अचानक विदाई के बाद Nvidia के बोर्ड ने तुरंत डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है. कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की कमान सौंपी गई है. इसके साथ ही, बोर्ड ने कंपनी को संभालने के लिए नए और स्थायी CEO की तलाश भी तेज कर दी है.
About the Author

रुली बिश्नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …

