जोधपुर में व्यापार में चल रही परेशानी दूर करने और घर में छिपे हीरे-जवाहरात मिलने का झांसा देकर 8 लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने व्यापारी को कलश में कीमती हीरे होने की बात बताई और इससे करोड़ों रुपए कमाने का सपना दिखाया। इसके बाद पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक प्रक्रिया के नाम पर उससे करीब 8 लाख रुपए ले लिए। ठगी का पता चलने पर व्यापारी ने माता का थान थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दो नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मदेरणा कॉलोनी निवासी डूंगरचंद सोनी ने माता का थान थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि 22 अप्रैल को अखबार में व्यापार एवं अन्य परेशानियों का समाधान कराने संबंधी एक पर्चा,पेम्पलेट आया था। इसके बाद वह महामंदिर स्थित शक्ति नगर में बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात दीपक जोशी उर्फ उमेश और रामसा से हुई। हाथ देखकर बोला- घर में दबा है खजाना पीड़ित के मुताबिक, दीपक जोशी ने हाथ देखकर व्यापार में परेशानी होने की बात कही। इसके बाद उसने दावा किया कि उसके घर में एक कलश है, जिसमें हीरे जवाहरात रखे हैं। पूजा-पाठ के जरिए यह धन प्राप्त कराने का भरोसा देकर आरोपी ने 5 लाख रुपए मांगे। पीड़ित ने परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर 5 लाख रुपए देने की बात कही है। घर में पूजा कर खुदाई, कलश मिलने का दावा पीड़ित के अनुसार, 4 मई को दोनों आरोपी घर पहुंचे। पूजा-पाठ करने के बाद घर में खुदाई की गई और एक कलश मिलने का दावा किया गया। आरोप है कि दीपक ने कलश खोलने से रोक दिया और कहा कि उसमें आत्मा है,जिसे शांत करने के लिए और पूजा करनी होगी। इसके नाम पर 3 लाख रुपए और मांगे गए। पीड़ित और उसके बेटे ने ऑनलाइन माध्यम से आरोपी के खाते में रकम ट्रांसफर की। आरोपी ने परिवार को कलश से दूर रहने की चेतावनी दी और कहा कि उसे छूने पर अनहोनी हो सकती है। उसने पूजा पूरी करने के बाद वापस आकर कलश में मौजूद हीरे-जवाहरात देने का भरोसा दिलाया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी कई दिनों तक वापस नहीं आया। उसके घर जाने पर भी पूजा करने की बात कहकर टालता रहा। वाट्सएप पर भी आज-कल आने का भरोसा दिया जाता रहा। आखिरकार परिवार ने स्वयं कलश खोला तो उसमें कुछ भी नहीं मिला। रुपए मांगे तो फोन उठाना बंद किया पीड़ित के अनुसार, कलश खाली मिलने के बाद जब आरोपी से रकम वापस मांगी गई तो उसने कथित रूप से ठगी करने की बात कही और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जानकारी में सामने आया कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह ठगी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link

