डूंगरपुर के धंबोला थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में पहले दो बाइक सवार युवकों की जान गई थी, जिसके बाद इलाज के दौरान घायल ट्रैक्टर ड्राइवर ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। धंबोला थाने के एएसआई नेपाल सिंह ने बताया कि पारडा दरियाटी निवासी किशन और प्रवीण नामक दो युवक अपनी बाइक पर जा रहे थे। सीमलवाड़ा राजपुर चौराहे के पास सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार किशन और प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, ट्रैक्टर ड्राइवर महावीर पुत्र जगदीश बैरवा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस ने बाइक सवार दोनों मृतकों के शव सीमलवाड़ा मोर्चरी में रखवाए थे। इलाज के दौरान आज ट्रैक्टर ड्राइवर महावीर की भी मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने सीमलवाड़ा और डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे सभी शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link

