डीडवाना में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती ‘शौर्य दिवस’ के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर क्षत्रिय समाज सहित सर्वसमाज द्वारा विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया, जिससे पूरा शहर भगवामय हो गया। रैली का शुभारंभ रहमान गेट स्थित तिरंगा सर्कल से हुआ। यहां महाराणा प्रताप की आदमकद प्रतिमा वाली एक विशेष झांकी को रथ पर सजाया गया था। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जयकारों के साथ रैली को रवाना किया गया। रैली में सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल थे। हाथों में भगवा ध्वज लिए युवा “महाराणा प्रताप अमर रहें” और “जय राजपूताना” के नारे लगा रहे थे, जिससे पूरे शहर में उत्साह का माहौल बन गया। वाहन रैली तिरंगा सर्कल से शुरू होकर चुंगी चौकी, अशोक स्तंभ, बस स्टैंड और हॉस्पिटल चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। भीषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह शीतल जल और शरबत की व्यवस्था भी की गई थी। रैली के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन और आयोजकों ने अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया। रैली का समापन राजपूत सभा भवन में आयोजित एक गोष्ठी के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। अंत में उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
Source link

