Last Updated:
Crude Oil Price : युद्ध टलने की खबर से कच्चे तेल के दाम धड़ाम हो गए. क्रूड ऑयल के रेट में आई भारी गिरावट भारत जैसे देशों उन देशों के लिए बड़ी राहत है जो कच्चे तेल का ज्यादा आयात करते हैं. इससे आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल के रेट कम होने की संभावना बनती है.
कच्चे तेल की कीमत में आज जोरदार गिरावट आई है.
नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक फैसले ने वैश्विक तेल बाजार में हलचल मचा दी है. आज बाजार खुलते ही क्रूड ऑयल की कीमतों में 6 फीसदी की जोरदार गिरावट आई. ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) फ्यूचर्स भाव 5.52 अमेरिकी डॉलर यानी 6.28% की बड़ी गिरावट के साथ 82.41 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. इसी तरह WTI क्रूड की कीमत में भी 5.27 डॉलर यानी 6.22% की नरमी आई, जिसके बाद यह 79.40 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करने लगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए सैन्य हमले की योजना फिलहाल टालने का ऐलान किया है. अमेरिका ईरान के साथ समझौता करने की कोशिश कर रहा ताकि युद्ध बंद हो और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को फिर से चालू हो. युद्ध टलने की इस खबर से बाजार में फैला तनाव कम हुआ और तेल के दाम धड़ाम हो गए.
क्या सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में जोरदार गिरावट भारत जैसे बड़ी मात्रा में तेल आयात करने वाले देशों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अगर क्रूड ऑयल के दाम इसी स्तर पर बने रहते हैं या और गिरते हैं, तो देश में सरकारी तेल कंपनियों पर मार्जिन का दबाव कम होगा. इससे आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत की उम्मीद बढ़ जाएगी.
ट्रंप का दावा-ईरान ने मांगा समय
ट्रंप ने शनिवार देर रात अपने Truth Social प्लेटफॉर्म पर कहा था कि ईरान और मध्य-पूर्व के अन्य देशों ने एक समझौते को पूरा करने के लिए समय मांगा है. इस समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल, पूरी तरह और पूर्ण रूप से फिर से खोलने तथा ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करने का रास्ता साफ होगा. इसके बाद ट्रंप ने ईरान पर हमले टालने की घोषणा की.

