सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसियाही गांव में एक बुजुर्ग की तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के तुलसियाही वार्ड संख्या-3 निवासी 65 वर्षीय रघुनंदन साह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रघुनंदन साह घर से दवा लेने के लिए तुलसियाही चौक जा रहे थे। इसी दौरान सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रहे एक सीएनजी ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने पहुंचाया सदर अस्पताल घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल सहरसा ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रघुनंदन साह पशुपालन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी थे और लगभग दस वर्ष पूर्व सेवा से रिटायर हुए थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। प्रशासन से मुआवजा देने की मांग घटना की सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिहरा थाना अध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की अपील की है।
Source link

