दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के डुमरी मोड़ स्थित एयरटेल टावर परिसर में कथित रूप से चल रहे स्मैक कारोबार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी दीपू कामत(25) को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले 18 सितंबर की रात पुलिस ने टावर परिसर में छापेमारी कर 1.68 ग्राम स्मैक बरामद किया था। छापेमारी के दौरान टावर पर तैनात टेक्नीशियन लाला पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जबकि सुरक्षा गार्ड कामिनी देवी से पूछताछ की गई थी। डुमरी गांव निवासी मुख्य आरोपी दीपू कामत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि दीपू इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। थानाध्यक्ष चंद्रमणि के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने टावर कैंपस से ही स्मैक का कारोबार संचालित किए जाने की बात स्वीकार की है। कारोबार से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं और इसके तार सीमावर्ती जिले सहरसा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। 18 सितंबर को हुई थी छापेमारी पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे गश्ती के दौरान एसआई मुकेश कुमार को सूचना मिली थी कि टावर परिसर के एक कमरे में स्मैक का कारोबार किया जा रहा है। जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और बिरौल थानाध्यक्ष को दी गई। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय से जारी आदेश के आधार पर कृषि समन्वयक शैलेंद्र कुमार चमन को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। रात करीब 9 बजे दंडाधिकारी और पुलिस बल टावर परिसर पहुंचे और नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। प्लेट पर मिला था संदिग्ध पदार्थ तलाशी के दौरान टावर के मुख्य गेट के दाहिनी ओर ईंट और एलबेस्टस से बने कमरे में लकड़ी की चौकी मिली। पुलिस के अनुसार, चौकी पर रखी शीशे की प्लेट पर भूरे रंग का पदार्थ चिपका हुआ था। पुलिस ने पदार्थ को संदिग्ध स्मैक मानते हुए ब्लेड से खुरचकर एकत्र किया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर उसका वजन 1.68 ग्राम पाया गया। एल्युमिनियम रोल में रखकर तौलने पर कुल वजन 4.11 ग्राम बताया गया। कमरे से पुलिस ने एक चाकू, ब्लेड, स्टील का चम्मच, फटा हुआ एल्युमिनियम रोल और प्लास्टिक की बोतल भी बरामद की। पुलिस के अनुसार, बोतल में नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाला फूका लगा हुआ था। तलाशी के दौरान कमरे से नशीले पदार्थ जैसी गंध आने की बात भी प्राथमिकी में दर्ज की गई है। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर उसे ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किए जाने की बात कही है। टेक्नीशियन गिरफ्तार, गार्ड से भी पूछताछ कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद टावर के टेक्नीशियन लाला पटेल (40) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा ग्वाल दक्षिण का रहने वाला है। वहीं, देवकुली निवासी सुरक्षा गार्ड कामिनी देवी(50) से भी पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने शीशे की प्लेट पर मिले पदार्थ को स्मैक बताया था। इसके बाद लाला पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कामिनी देवी को निगरानी में रखकर मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। सहरसा तक जुड़े तार, पूरे नेटवर्क की तलाश दीपू कामत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब स्मैक की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण बातें सामने आई हैं। इस कारोबार के तार सीमावर्ती जिले सहरसा से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से मंगाया जाता था, इसे टावर परिसर तक कौन पहुंचाता था और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की दिशा में पुलिस काम कर रही है। NDPS एक्ट के तहत दर्ज है मामला
इस मामले में बिरौल थाना कांड संख्या 658/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21(A) एवं 25/29 के तहत कार्रवाई शुरू की है। प्राथमिकी में गिरफ्तार लाला पटेल, कामिनी देवी, फरार रहे दीपू कामत और स्मैक की खरीद-बिक्री में संलिप्त अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
Source link

