एक्ट्रेस निमिषा सजयन की वेट लॉस जर्नी इन दिनों वायरल हो रही है। उन्होंने रोल के लिए वजन बढ़ाने के बाद पूरे 14 किलो वजन घटाया है और इस वेट लॉस जर्नी में आने वाली मुश्किलों को शेयर किया है।
ओटीटी पर रिलीज बबीता सिंह रिपोर्टिंग इन दिनों काफी सुर्खियों में है। फिल्म में बबीता का रोल निभाने के लिए एक्ट्रेस निमिषा सजयन ने पूरे 14 किलो वजन बढ़ाया था। रोल के लिए ठूंसकर खाने और वजन बढ़ाने के बाद अब वो वापस शेप में आने की मुहिम पर हैं और उन्होंने अपनी वेट लॉस जर्नी के एक्सपीरिएंस को शेयर किया है। आमतौर पर लोग वेट लॉस के नाम पर डाइट, वर्कआउट, स्ट्रेंथ इन सबके बारे में बात करते हैं। लेकिन एक्ट्रेस ने बताया कि उनके लिए ये वेट लॉस और भी कई तरह की परेशानी लेकर आया।
थकान और फ्रस्ट्रेशन हो जाती है हावी
सजयन ने बताया कि कैसे शुरुआत के 10 दिन वेट लॉस करना उनके लिए सबसे ज्यादा कठिन था। बहुत ही खराब नींद, मूड स्विंग, थकान और निराशा उन पर हावी हो गई थी। ऐसा लगता था कि वो लंबे टाइम तक इसे कर ही नहीं पाएंगी। यहीं नहीं एक्ट्रेस बताती हैं कि कई बार ट्रेनिंग सेशन के बीच में वो काफी इमोशनल हो जाती थीं। तब उनके ट्रेनर ने उन्हें कमिटेड रहने के लिए मोटिवेट किया। निमिषा लिखती हैं कि ये केवल वेट लॉस नहीं था, यह धैर्य रखने, प्रोसेस पर भरोसा करने और सबसे जरूरी बात कि आपके साथ सही इंसान के होने की जरूरत होती है।
वेट लॉस से नींद पर पड़ता है असर
वेट लॉस का जिक्र होते ही लोग कैलोरी घटाने, एक्सरसाइज बढ़ाने और बॉडी में होने वाले बदलावों की बात करते हैं। लेकिन वजन घटने पर इंसान के एनर्जी लेवल, स्लीप, मूड और पूरी हेल्थ पर असर पड़ता है।
डाइट का असर
अचानक से बिल्कुल स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो करने से इंसान ज्यादा थका और चिड़चिड़ा सा हो जाता है। जब शरीर को पर्याप्त कैलोरी नहीं मिलती या न्यूट्रिशन शरीर को कम मिलता है तो एक्सरसाइज के दौरान जरूरी एनर्जी मेंटेन करना मुश्किल हो जाता है, यहां तक कि डेली एक्टीविटीज पर भी असर पड़ता है। कुछ लोगों में बॉडी ट्रांसफार्मेशन के लिए साइकोलॉजिकल प्रेशर भी बन जाता है, जिसकी वजह से वो इमोशनल प्रेशर में रहते हैं। एक्ट्रेस का एक्सपीरिएंस बताता है कि फौरन रिजल्ट पाने की बजाय सस्टेनेबल हैबिट्स पर फोकस करना चाहिए।
वेट लॉस के लिए नींद जरूरी है
फिजिकल और मेंटल हेल्थ के लिए नींद बेहद जरूरी है। अच्छी नींद ना आने से थकान हावी रहती है और दिमाग को कंसन्ट्रेट करने में दिक्कत होती है। यहां तक कि मूड भी बदलता है। वहीं हेल्दी इटिंग और रेगुलर एक्सरसाइज को मेंटेन रखना भी मुश्किल हो जाता है। जबकि अच्छी नींद वेट लॉस के लिए डाइट और एक्सरसाइज जितना ही जरूरी है।
शॉर्टकट पड़ सकता है भारी
वेट लॉस करना एक लंबा प्रोसेस है। जिसमे पूरे दिन राइट डाइट, वर्कआउट, स्लीप और रेस्ट शामिल होता है। लेकिन फटाफट वेट लॉस के लिए क्रैश डाइट, स्ट्रिक्ट कैलोरी रिस्ट्रिक्शन और बहुत ज्यादा एक्सरसाइज वो भी बिना किसी प्रोफेशनल गाइडेंस के करना सेहत को नुकसान पहुंचाता है।

