फलोदी में हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देचू पुलिस ने मामले में अब तक 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक की गाड़ी को घेरकर जान के मारने की नीयत से दोनों तरफ से टक्कर मार थी।
.
मामला 14 नवंबर 2021 का है। कंवराराम निवासी मतवालों की ढाणी, बिलाड़ा ने देचू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 14 नवंबर 2021 को दोपहर 3:30 बजे, कंवराराम अपने दोस्त दिनेश खीचड़ की शादी में जा रहे थे। तभी विशनाराम जागु जालोड़ा और उसकी गैंग के अन्य आरोपियों ने पांच-छह गाड़ियों में सवार होकर उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को घेर लिया।
उन्होंने जान से मारने की नीयत से गाड़ी के दोनों तरफ टक्कर मारी और हमला करने का प्रयास किया। इस रिपोर्ट पर देचू थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस टीमें मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
गिरफ्तार आरोपी प्रदीप करीब चार साल से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए फलोदी के जिला पुलिस अधीक्षक ने 20,000 रुपए का इनाम घोषित किया था। 4 अक्टूबर 2025 को डीएसटी फलोदी को सूचना मिली कि आरोपी प्रदीप जोधपुर से अपने घर मुंजासर जाएगा। हालांकि, पुलिस टीम की भनक लगने पर आरोपी अपने घर न जाकर सीधा फलोदी की ओर चला गया। डीएसटी फलोदी ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
प्रदीप को आगे की जांच के लिए देचू थानाधिकारी शिवराज सिंह को सौंप दिया गया है, जहां उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है।

