धौलपुर जिले के नगर निकाय चुनाव में किसी भी पार्टी को सभी निकायों में स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में निर्दलीय प्रत्याशी किंगमेकर की भूमिका में आ गए हैं। कांग्रेस ने राजाखेड़ा, मनियां और सरमथुरा में बहुमत हासिल कर अपना बोर्ड बनाने का रास्ता साफ कर लिया है, जबकि धौलपुर नगर परिषद, बसेड़ी, बाड़ी और सैंपऊ में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों निर्दलियों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही हैं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बावजूद भाजपा का प्रदर्शन कमजोर नगर निकाय चुनाव से पहले 28 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिले में करीब 176.95 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया था। इनमें 155.33 करोड़ रुपए के 14 कार्यों का लोकार्पण भी शामिल था। इसके बावजूद चुनाव परिणामों में भाजपा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भाजपा धौलपुर नगर परिषद को छोड़कर जिले के किसी भी निकाय में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। वहीं कांग्रेस बसेड़ी और सैंपऊ में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई। ऐसे में जिन निकायों में किसी दल को बहुमत नहीं मिला, वहां अब निर्दलीय प्रत्याशियों पर दोनों प्रमुख दलों की नजर है। धौलपुर नगर परिषद: कांग्रेस 27, भाजपा 11, निर्दलीय 22 धौलपुर नगर परिषद की 60 सीटों के नतीजों में कांग्रेस ने 27 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 11 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 22 सीटें मिलीं। बहुमत के लिए 31 सीटों की जरूरत है, लेकिन किसी भी दल के पास यह आंकड़ा नहीं है। ऐसे में धौलपुर नगर परिषद में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही बड़े स्तर पर जोड़-तोड़ में जुटी हैं। खास बात यह है कि भाजपा के कई नेताओं ने टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। टिकट वितरण को भाजपा के कमजोर प्रदर्शन का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। पिछली बार की तरह इस बार भी क्रॉस वोटिंग की आशंका ने दोनों दलों की चिंता बढ़ा दी है। मनियां: कांग्रेस ने 13 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की मनियां नगरपालिका में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 में से 13 सीटें जीत ली हैं। भाजपा को चार और निर्दलीयों को तीन सीटें मिली हैं। कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर बोर्ड बनाने की स्थिति मजबूत कर ली है। हालांकि भाजपा यहां भी जोड़-तोड़ की राजनीति के जरिए समीकरण बदलने की कोशिश में जुटी है। राजाखेड़ा: 35 में से 23 सीटें कांग्रेस के खाते में राजाखेड़ा नगर पालिका की 35 सीटों में से कांग्रेस ने 23 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को दो और अन्य दलों को तीन सीटें मिली हैं। कांग्रेस यहां स्पष्ट बहुमत के साथ बोर्ड बनाने की स्थिति में है। राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा भी बोर्ड गठन को लेकर सक्रिय हैं। सरमथुरा: कांग्रेस के गृह क्षेत्र में भाजपा सिर्फ एक सीट पर सिमटी कांग्रेस जिला अध्यक्ष और बसेड़ी विधायक संजय जाटव के गृह कस्बे सरमथुरा में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है। 25 सीटों में कांग्रेस को 15, भाजपा को एक और निर्दलीयों को 9 सीटें मिली हैं। सरमथुरा में पिछले एक महीने से अधिक समय से धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के विरोध में धरना चल रहा है। चुनाव परिणामों को क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। यही वजह रही कि भाजपा 25 में से सिर्फ एक सीट पर सिमट गई। बसेड़ी: 8-8 पर भाजपा-कांग्रेस, 9 निर्दलीय तय करेंगे बोर्ड बसेड़ी नगर पालिका की 25 सीटों में कांग्रेस और भाजपा दोनों को आठ-आठ सीटें मिली हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की है। ऐसे में निर्दलीय प्रत्याशी यहां सीधे तौर पर किंगमेकर की भूमिका में हैं। बहुमत के लिए 13 सीटों की जरूरत है। इसलिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही निर्दलीय पार्षदों को अपने साथ लाने के लिए सक्रिय हो गई हैं। बाड़ी: कांग्रेस बहुमत से दो कदम दूर, भाजपा भी जोड़-तोड़ में बाड़ी नगर पालिका की 45 सीटों में कांग्रेस को 21, भाजपा को 9 और अन्य प्रत्याशियों को 15 सीटें मिली हैं। कांग्रेस बहुमत के आंकड़े 23 से सिर्फ दो सीट दूर है। पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए जोड़-तोड़ में जुटे हैं, जबकि कांग्रेस भी बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के लिए निर्दलीय पार्षदों को अपने साथ लाने की कोशिश कर रही है। सैंपऊ: 7-7 पर कांग्रेस और अन्य, भाजपा के खाते में 6 सैंपऊ नगर पालिका की 20 सीटों में कांग्रेस को सात, भाजपा को छह और अन्य प्रत्याशियों को सात सीटें मिली हैं। यहां किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। बहुमत के लिए 11 सीटों की जरूरत है। कांग्रेस को बहुमत के लिए चार और भाजपा को पांच अन्य पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। ऐसे में सैंपऊ में भी बोर्ड गठन का फैसला निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों के रुख पर निर्भर करेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष का दावा- सभी निकायों में बनाएंगे बोर्ड जिले में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि पूरे जिले में भाजपा को विधानसभा और लोकसभा में कोई सीट नहीं मिली है, इसके बावजूद पार्टी सभी नगर निकायों में अपना बोर्ड बनाएगी। टिकट वितरण में गड़बड़ी के सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के लिए कोर कमेटी बनाई गई थी और उसी के माध्यम से प्रत्याशियों को टिकट दिए गए हैं।
Source link

