Last Updated:
Bokaro Famous Breakup Schezwan Fried Rice: बोकारो के सेक्टर-2 में राइस रीमिक्स स्टॉल का ‘ब्रेकअप सेजवान फ्राइड राइस’ अपने नाम के साथ-साथ स्वाद के लिए भी दूर-दूर तक मशहूर है. स्टॉल संचालक विकास ने बताया कि उनके ठेले पर बहुत से आइटम मिलते हैं पर सबसे अधिक मांग इसी डिश की है. वे रोजाना 80 से 100 प्लेट तक की बिक्री कर लेते हैं.
बोकारो. अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और कुछ अलग व स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो बोकारो के सेक्टर-2 स्थित राइस रीमिक्स स्टॉल आ सकते हैं. यहां वैसे तो कई आइटम मिलते हैं पर यह स्टॉल ब्रेकअप सेजवान फ्राइड राइस के लिए फेमस है. यहां दूर-दूर से लोग फ्राइड राइस खाने के लिए आते हैं. स्टॉल के संचालक विकास ने बताया कि उनके यहां फ्राइड राइस की कई वैरायटी उपलब्ध हैं. इनमें बवंडर वेज फ्राइड राइस की कीमत 30 रुपए हाफ और 50 रुपए फुल प्लेट है. वहीं विस्फोटक पनीर फ्राइड राइस 50 रुपए हाफ और 70 रुपए फुल प्लेट में मिलता है, जबकि खास ब्रेकअप सेजवान राइस की कीमत 40 रुपए हाफ और 60 रुपए फुल प्लेट है.
ऐसे पड़ा नाम
विकास के मुताबिक, उनके स्टॉल पर सबसे ज्यादा डिमांड ब्रेकअप सेजवान राइस की है. इस डिश का नाम और आइडिया भी काफी अलग है. उनका कहना है कि ब्रेकअप के बाद लोग अक्सर उदास महसूस करते हैं. ऐसे में तीखे और चटपटे सेजवान राइस का स्वाद उनका मन बदल सकता है. टूटे दिल वालों का मूड फ्रेश करने के आइडिया से इस डिश का नाम ब्रेकअप सेजवान राइस रखा गया है.
यूं तैयार होता है ब्रेकअप सेजवान राइस
ब्रेकअप सेजवान राइस तैयार करने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में बारीक कटे प्याज और लहसुन को अच्छी तरह फ्राई किया जाता है. इसके बाद इसमें शिमला मिर्च, गाजर, सोयाबीन समेत दूसरी सब्जियां डालकर पकाई जाती हैं. फिर इसमें चावल मिलाया जाता है. इसके बाद अगले चरण में स्वाद के अनुसार विनेगर और सोया सॉस डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स किया जाता है. ऊपर से पनीर डालकर इसे कुछ देर तक पकाया जाता है. इसके बाद तैयार ब्रेकअप सेजवान राइस को प्लेट में परोसकर ग्राहक को दिया जाता है.
रोजाना बिकती हैं 80 से 100 प्लेट
विकास ने बताया कि उनके स्टॉल पर रोजाना करीब 80 से 100 प्लेट ब्रेकअप सेजवान राइस की खपत हो जाती है. यही वजह है कि यह डिश उनके स्टॉल की खास पहचान बन चुकी है. राइस रीमिक्स स्टॉल सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक खुला रहता है और उनका अगला लक्ष्य आने वाले समय में स्टॉल पर और नई डिश जोड़ने की तैयारी है, ताकि ग्राहकों को अलग-अलग स्वाद का आनंद मिल सके.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें

