दरभंगा में आरोपी को लाभ पहुंचाने के आरोप में निलंबित की गई महिला पुलिस पदाधिकारी ईशु रानी को महज 11 दिनों के अंदर नया थाना मिल गया है। विभाग की ओर से जारी पदस्थापन आदेश में उन्हें पुलिस केंद्र से नेहरा थाना में पदस्थापित किया गया है। वहीं, नेहरा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक पूजा कुमारी को पुलिस केंद्र दरभंगा भेजा गया है। इस आदेश के बाद पुलिस महकमे में ईशु रानी के निलंबन और उसके बाद हुए पदस्थापन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 7 अक्टूबर 2026 को लहेरियासराय थाना में पदस्थापित प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक ईशु रानी को कांड के अभियुक्त को लाभ पहुंचाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया था। वायरल ऑडियो की जांच के बाद हुई थी कार्रवाई पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो की विभागीय जांच लहेरियासराय के पर्यवेक्षी पदाधिकारी से कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में लहेरियासराय थाना कांड संख्या 254/26 के अनुसंधानकर्ता ईशु रानी की बातचीत में अभियुक्त को लाभ पहुंचाने की नीयत सामने आने की पुष्टि की गई थी। इसी जांच प्रतिवेदन के आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी। नाबालिग लड़की के लापता होने से जुड़ा है मामला एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी 16 वर्षीय बेटी 6 मई 2026 की रात करीब 8 बजे दुकान से ठंडा लाने की बात कहकर घर से निकली थी। रात नौ बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि लड़की को कुछ लोगों ने कथित तौर पर अपने कब्जे में रखा है। शिकायत में आकाश सहनी, उसकी पत्नी मंजू देवी और उपासना कुमारी समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई कर लड़की की बरामदगी की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि लड़की को कहीं बाहर ले जाकर बेचने या उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। इसी मामले से संबंधित लहेरियासराय थाना कांड संख्या 254/26 के अनुसंधान के दौरान ईशु रानी की कथित बातचीत का ऑडियो सामने आया था।
Source link

