तेल अवीव31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इजराइली PM के आधिकारिक X अकाउंट से नेतन्याहू का कैप्टन स्मित से फोन पर बात करते वीडियो जारी किया गया है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई एयरलाइन के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से करीब 6 मिनट फोन पर बात की। उन्होंने कहा- आप भारत और इजराइल के लोगों के सच्चे हीरो हैं। आप पूरी दुनिया के हीरो हैं। नेतन्याहू ने स्मित को इजराइल आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा- मैं आपको और अपने दोस्त पीएम मोदी को अगले स्वतंत्रता दिवस पर जश्न की मशाल जलाने का न्योता देना चाहता हूं।
नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से पूछा कि फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था। स्मित ने बताया कि हमले से पहले को-पायलट ने प्रेयर करने की इच्छा जताई थी। प्रेयर के कुछ मिनट बाद उसने अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना 30 सितंबर को हुई थी। दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाइट में ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। इसके बाद विमान करीब 2 मिनट में 17 हजार फीट नीचे आ गया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद फ्लाइट क्रू और यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर आरोपी को काबू किया और विमान पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया। विमान की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसमें सवार सभी 174 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।

सऊदी में विमान के लैंड होने के बाद कैप्टन स्मित को इलाज के लिए ले जाया गया।
कैप्टन बोले- को-पायलट ने पीछे से कई वार किए…पढ़िए नेतन्याहू से उनकी पूरी बातचीत
PM नेतन्याहू: स्मित, क्या आप मुझे सुन रहे हैं?
कैप्टन स्मित: हां सर, सुन रहा हूं। आप कैसे हैं?
PM नेतन्याहू: मैं ठीक हूं। आप कैसा महसूस कर रहे हैं?
कैप्टन स्मित: मैं ठीक होने की कोशिश कर रहा हूं।
PM नेतन्याहू: मुश्किल हालात में भी आपके साहस और सूझबूझ को देखकर मैं हैरान हूं। मैं चाहता हूं कि आप जल्दी ठीक हो जाएं। ये सब कैसे हुआ, मुझे बताइए।
कैप्टन स्मित: वह एक नॉर्मल फ्लाइट थी। को-पायलट ने कहा कि वह प्रेयर करना चाहता है। बहुत से स्थानीय लोग ऐसा करते हैं, इसलिए मुझे यह अजीब नहीं लगा। वह मेरे पीछे बैठकर प्रेयर करने लगा। मैं सामने देख रहा था। करीब 4-5 मिनट बाद अचानक मेरे सिर के पीछे जोरदार वार हुआ। पहले मुझे लगा कि विमान को कोई गंभीर नुकसान हुआ है और कुछ गड़बड़ हो गई है। लेकिन इसके बाद एक के बाद एक वार होते रहे। तब मुझे समझ आया कि विमान को नहीं, बल्कि कॉकपिट में मेरे साथ मौजूद को-पायसट ने मुझ पर हमला किया है।
मैंने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन मैं कुछ देख नहीं पा रहा था। सब कुछ धुंधला दिखाई दे रहा था। मुझे महसूस हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। मुझे ठीक से याद नहीं लेकिन मैंने एक बार दरवाजा खोलने की कोशिश की थी। उसने उसे बंद कर दिया। मैं कॉकपिट के फर्श पर पड़ा था और मुझे विमान के नीचे जाने और धक्के जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। लोग चिल्ला रहे थे।

PM नेतन्याहू: आपने कॉकपिट का दरवाजा कैसे खोला? क्या आपने वह पिन खींचा था, जिससे दरवाजा खुलता है?
कैप्टन स्मित: दरवाजा अंदर से घुमाकर खोला जा सकता है, जबकि बाहर से इसे केवल कोड के जरिए खोला जा सकता है। दरवाजा खोलने का एकमात्र तरीका उसके नॉब तक पहुंचना था। जैसे ही मेरा हाथ नॉब तक पहुंचा, मैंने उसे घुमाया और दरवाजा खुल गया।
इजराइल में स्वतंत्रता दिवस पर 12 मशालें जलाने की परंपरा
- इजराइल का स्वतंत्रता दिवस योम हा’अत्जमाउत कहलाता है। यह हिब्रू कैलेंडर के 5 इयार को मनाया जाता है, इसलिए ग्रेगोरियन कैलेंडर में इसकी तारीख हर साल बदलती रहती है।
- 2027 में स्वतंत्रता दिवस 12 मई को होगा। इसका समारोह 11 मई की शाम से शुरू होगा। इसी दौरान यरुशलम के माउंट हर्जल पर मशाल जलाने का खास समारोह आयोजित किया जाता है।
- यह समारोह योम हजिकारोन यानी सैनिकों और आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों के स्मृति दिवस के खत्म होने और स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत का प्रतीक है।
- समारोह में 12 मशालें एक-एक करके जलाई जाती हैं। ये इजराइल की 12 प्राचीन जनजातियों का प्रतीक मानी जाती हैं।
- देश के लिए खास योगदान देने वाले लोगों को मशाल जलाने का सम्मान दिया जाता है। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता, वैज्ञानिक, सैनिक, कलाकार और शहीद सैनिकों के परिवारों से जुड़े लोग शामिल हो सकते हैं।
- समारोह में पहले इजराइली झंडे को नीचे झुकाकर ऊपर उठाया जाता है। यह शोक खत्म होने और खुशी व स्वतंत्रता की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
PM मोदी ने वीडियो कॉल पर कैप्टन स्मित से बात की
इससे पहले PM मोदी ने 2 सितंबर को कैप्टन स्मित से करीब 9 मिनट वीडियो कॉल पर बात की। बातचीत के दौरान स्मित ने कहा- मैं मुश्किल समय में हनुमान चालीसा पढ़ता हूं और उस समय भी पढ़ रहा था। मुझे पता है कि भगवान ने ही हमें बचाया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

बातचीत के दौरान स्मित ने बताया कि वह विमान उड़ा रहे थे और एक झटके के बाद नीचे गिर गए, जिससे काफी चोटें आईं। उन्हें महसूस हो रहा था कि विमान नीचे जा रहा है।
को-पायलट ने इमरजेंसी के लिए रखे कुल्हाड़ी को हथियार बनाया
UAE सरकार ने शनिवार को बताया कि ओमान के को-पायलट हमाम अल-हमामी ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। इससे पहले विमान में मौजूद यात्रियों की शुरुआती जानकारी में चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई थी।
विमान में इमरजेंसी के लिए एक खास कुल्हाड़ी रखी जाती है, जिसे ‘क्रैश एक्स’ कहते हैं। इसका इस्तेमाल आग लगने पर किसी पैनल को काटकर अंदर तक पहुंचने, फंसे लोगों को बाहर निकालने का रास्ता बनाने या जरूरत पड़ने पर विमान के किसी हिस्से को काटने या खोलने के लिए किया जाता है।

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इसी क्रैश एक्स से भारतीय पायलट पर हमला हुआ ।
ओमान का रहने वाला है आरोपी, अल-कायदा की विचारधारा से प्रभावित
हमाम अल-हमामी ओमान का रहने वाला है। अल अरबिया इंग्लिश के मुताबिक, वह लंबे समय तक सीरिया में रहा था, जहां उसके कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने की बात सामने आई। इजराइल के चैनल 12 की रिपोर्ट में उसके अल-कायदा की विचारधारा से प्रभावित होने का दावा किया गया है।
2024 में उसे ओमान की नेशनल एयरलाइन में पायलट ट्रेनिंग से हटा दिया गया था। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, एक सूत्र ने दावा किया कि वह कट्टरपंथी इस्लामिक वेबसाइट्स देखता था। बाद में उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दी गई। वह पहले रॉयल एयर मैरोक के साथ भी काम कर चुका था और करीब 8 महीने पहले फ्लाईदुबई से जुड़ा था।

को-पायलट हमाम अल-हमामी की यह तस्वीर सोशळ मीडिया पर वायरल है।
दावा- विमान को इजराइल में क्रैश करने का इरादा था
आई24 न्यूज ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया कि पूछताछ में हमामी ने विमान को इजराइल में क्रैश करने का इरादा बताया। उसके सामान से ‘फ्री फिलिस्तीन’ समूहों के पर्चे और दूसरी फिलिस्तीन समर्थक सामग्री मिलने का भी दावा किया गया है। जांच एजेंसियां इन दावों को उसके संभावित आतंकी मकसद की जांच के हिस्से के तौर पर देख रही हैं।
तेल अवीव की फ्लाइट में ड्यूटी कैसे मिली, इसकी जांच
ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं। ऐसे में यह भी जांच का हिस्सा है कि हमामी को तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट की ड्यूटी कैसे मिली।
सीएनएन के मुताबिक, इजराइल की शिन बेट, मोसाद, सेना और ट्रांसपोर्टेशन मिनिस्ट्री समेत कई एजेंसियां इस पहलू की जांच कर रही हैं। हमले के बाद हमामी को सऊदी अरब से UAE भेज दिया गया, जहां उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़े मामले की जांच चल रही है।
मुंबई के रहने वाले हैं कैप्टन स्मित, 15 साल उड़ान का अनुभव

———————————
ये खबर भी पढ़ें…
नेतन्याहू बोले- हमलावर को किसने भेजा, जांच कर रहे: उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन पर हमले के आरोपी ओमानी पायलट को किसने भेजा था, इसकी जांच की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…


