नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में पार्षद पूजा राजपूत के पति और भाजपा कार्यकर्ता राजू राजपूत के खिलाफ हुई शिकायत और पुलिस कार्रवाई की जांच की मांग उठी है।
.
गुरुवार शाम करीब 6 बजे नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम SDOP को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने और ठोस सबूतों के बिना किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं करने की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और दूसरे उपलब्ध सबूतों की जांच कर सच्चाई सामने लाने की बात कही।
पूजा राजपूत ने शिकायत में बताई 19 नवंबर की घटना
पार्षद पूजा राजपूत ने मुख्यमंत्री को दिए शिकायत पत्र में बताया कि 19 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे जबलपुर पुलिस उनके घर पहुंची थी।
उस समय उनके पति राजू राजपूत घर पर नहीं थे। इसके बाद पुलिस गोटेगांव स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय पहुंची और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन के बारे में जानकारी मांगी।
15 नवंबर को कार्यालय और नर्मदा मंदिर जाने का दावा
शिकायत पत्र में पूजा राजपूत ने 15 नवंबर की गतिविधियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजू राजपूत दोपहर 1 से 3 बजे तक अपने कार्यालय में थे।
इसके बाद वे परिचितों के साथ मुआर घाट स्थित नर्मदा मंदिर गए। वहां भंडारे में प्रसादी लेने के बाद वापस कार्यालय पहुंचे। पूजा राजपूत ने CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा मंडल अध्यक्ष ने भी उठाया मुद्दा
नगर पालिका अध्यक्ष पूनम जितेंद्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि व्यक्तिगत द्वेष या आपसी विवाद के चलते की गई शिकायत से किसी व्यक्ति और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोपों की निष्पक्ष जांच और उपलब्ध सबूतों की पड़ताल की मांग की।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंजनी दीपक सोनी ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित रूप से झूठे केस में फंसाए जाने की आशंका जताई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन देने वाले जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिकायतों की जांच कानून के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित पुलिस अधिकारियों से CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य सबूतों की जांच कराने की मांग की।

