Last Updated:
Kela Kab Kahana Chahiye: केला एक ऐसा फल है, जिसे आप रोज अपने डाइट में शामिल कर सकते हैं. लेकिन क्या केला खाने का कोई सही समय होता है? अगर आप भी इसका जवाब खोज रहे हैं, तो ये लेख आपके लिए है. यहां आपको केले के सेवन से जुड़ी बहुत जरूरी जानकारी मिलेगी.
केला भारत में सबसे ज्यादा खाए जाने वाले फलों में से एक है. यह आसानी से उपलब्ध होने के साथ-साथ किफायती भी होता है, इसलिए कई लोग इसे अपनी रोजाना की डाइट में शामिल करते हैं. कुछ लोग सुबह नाश्ते में केला खाते हैं, तो कुछ इसे वर्कआउट से पहले या बाद में खाना पसंद करते हैं. वहीं, कई लोग रात में हल्की भूख लगने पर भी केला खा लेते हैं.
हालांकि, केला खाने के समय को लेकर अक्सर अलग-अलग राय सुनने को मिलती हैं. कोई कहता है कि इसे खाली पेट खाना फायदेमंद है, जबकि कुछ लोग रात में केला खाने से बचने की सलाह देते हैं. लेकिन पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, केला खाने का कोई एक तय समय नहीं है. यह एक पौष्टिक फल है जिसे व्यक्ति अपनी जरूरत, दिनचर्या और पाचन क्षमता के अनुसार खा सकता है. सबसे जरूरी बात यह है कि केला संतुलित आहार का हिस्सा बने, न कि पूरा भोजन उसी पर निर्भर हो.
केले में कौन-कौन से पोषक तत्व होते हैं?
केला शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है. इसमें कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटैशियम और विटामिन बी6 अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। पोटैशियम शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने, नसों के सही कामकाज और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने में मदद करता है.
क्या खाली पेट केला खा सकते हैं?
यदि सुबह खाली पेट केला खाने से आपको कोई परेशानी नहीं होती, तो इसे नाश्ते में शामिल किया जा सकता है. लेकिन कुछ लोगों को खाली पेट फल खाने के बाद पेट फूलना, गैस या भारीपन महसूस हो सकता है. ऐसे लोग केले को ओट्स, दही, ड्राई फ्रूट्स या ब्रेड के साथ खा सकते हैं. इससे पेट भी भरा रहता है और पोषण भी बेहतर मिलता है.
केला और दूध का कॉम्बिनेशन
केला और दूध का शेक या स्मूदी काफी लोकप्रिय है. केला शरीर को ऊर्जा देने वाले कार्बोहाइड्रेट देता है, जबकि दूध प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व उपलब्ध कराता है. यदि दोनों चीजें आपको आसानी से पच जाती हैं, तो यह कॉम्बिनेशन नॉर्मल डाइट का हिस्सा बन सकता है. हालांकि, जिन लोगों को दूध से एलर्जी या लैक्टोज इनटॉलरेंस की समस्या होती है, उन्हें गैस या पेट संबंधी परेशानी हो सकती है.
क्या रात में केला खाना सही है?
रात में केला खाना आमतौर पर सेफ माना जाता है. हालांकि यदि इसे खाने के बाद पेट भारी लगता है या पाचन संबंधी परेशानी महसूस होती है, तो इसे दिन के समय खाना बेहतर हो सकता है. हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया करता है, इसलिए अपने एक्सपीरियंस के अनुसार फैसला लेना चाहिए.
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
डायबिटीज और किडनी रोग से पीड़ित लोगों को केला खाते समय विशेष ध्यान देना चाहिए. केले में नेचुरल शुगर होती है, जो ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकती है. वहीं किडनी की बीमारी में पोटैशियम का लेवल कंट्रोल रखना जरूरी होता है. ऐसे लोगों को डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार ही केला खाना चाहिए.
About the Author

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

